बर्गर खाना पड़ा महंगा, कॉकरोचों ने दिखाया बाहर का रास्ता

प्रदर्शन के दौरान वायरल वीडियो पर विवाद के बाद कार्रवाई, पार्टी बोली- व्यवहार आंदोलन के सिद्धांतों के खिलाफ
बर्गर खाना पड़ा महंगा, कॉकरोचों ने दिखाया बाहर का रास्ता
Published on

नई दिल्ली: संसद मार्च के दौरान वायरल हुए बर्गर वीडियो विवाद के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है। पार्टी ने उनके व्यवहार को "असंवेदनशील" बताते हुए कहा कि यह संगठन के मूल्यों और सिद्धांतों के खिलाफ है।

सीजेपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि जब शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उसी दौरान विजेता दहिया के वीडियो सामने आए। पार्टी ने कहा कि ऐसा आचरण स्वीकार्य नहीं है और इससे आंदोलन की भावना को ठेस पहुंची है। इसी कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रवक्ता पद और सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाता है।

यह विवाद 20 जुलाई को आयोजित 'संसद चलो' मार्च के दौरान सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें विजेता दहिया प्रदर्शन स्थल छोड़कर बर्गर खाते दिखाई दिए। इसके बाद एक अन्य वीडियो में उनसे इस मुद्दे पर सवाल पूछे गए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

बाद में विजेता दहिया ने सफाई देते हुए कहा कि वह पूरे दिन प्रदर्शन में शामिल रहे थे और घर लौटने के बाद भूख लगने पर बर्गर खाने चले गए थे। उन्होंने दावा किया कि पिछले डेढ़ महीने से आंदोलन के कारण उन्होंने अपना काम भी छोड़ रखा है।

इस मामले पर शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी सवाल उठाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पूछा था कि जो व्यक्ति हर मंच पर आंदोलन का चेहरा बना हुआ था, वह विरोध प्रदर्शन के दौरान कहां था और क्या उसने वास्तव में मार्च में हिस्सा लिया था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in