नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह वायु प्रदूषण इस मौसम में पहली बार गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह छह बजे से नौ बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 दर्ज किया गया। शहर के कई इलाकों में घनी धुंध के कारण दृश्यता घट गई और लोगों को सांस लेने, खांसी तथा आंखों में जलन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह आठ बजे तक आंकड़े उपलब्ध कराने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 33 पर वायु गुणवत्ता गंभीर, 24 पर बेहद खराब और एक केंद्र पर मध्यम श्रेणी में रही। आईआईटी दिल्ली में सर्वाधिक 488 एक्यूआई दर्ज किया गया। चांदनी चौक में यह 479 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478 रहा। बुराड़ी क्रॉसिंग, आईटीओ और जेएनयू में भी एक्यूआई क्रमशः 456 और 451 के आसपास दर्ज किया गया। जहांगीरपुरी, वजीरपुर, आनंद विहार, रोहिणी और आईजीआई हवाई अड्डे समेत कई इलाकों में भी प्रदूषण गंभीर स्तर पर बना रहा। इससे पहले इस वर्ष 19 जनवरी को दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 410 दर्ज किया गया था।
ग्रैप-3 के प्रतिबंध पहले से लागू
प्रदूषण बढ़ने की आशंका के मद्देनजर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने छह नवंबर को एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू कर दिया था। इसके तहत निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी धूल फैलाने वाली गतिविधियों, खनन और पत्थर तोड़ने वाली इकाइयों पर रोक लगाई गई है। दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में बीएस-3 पेट्रोल तथा बीएस-4 और पुराने डीजल हल्के वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध है। कुछ श्रेणियों के पुराने डीजल मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। 24 घंटे का औसत एक्यूआई 450 पार करने पर ग्रैप का चौथा चरण लागू किया जा सकता है।
बायोमास और कार्बनिक एयरोसोल प्रदूषण के बड़े स्रोत
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के आकलन के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली के प्रदूषण में बायोमास जलाने और द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल की हिस्सेदारी 25.4-25.4 % रही। इस तरह दोनों स्रोतों का संयुक्त योगदान 50.8 % था।
वाहनों से निकलने वाला धुआं 17 % योगदान के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जबकि द्वितीयक अकार्बनिक एयरोसोल की हिस्सेदारी 11.8 % थी। मिश्रित ईंधन दहन से 10.7 % और पटाखों से 7.1 % प्रदूषण हुआ। कचरा जलाने का योगदान 1.5 % और औद्योगिक उत्सर्जन का महज 0.2 % रहा। द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल सीधे उत्सर्जित नहीं होते, बल्कि वातावरण में गैसों की रासायनिक प्रतिक्रियाओं से बनते हैं। इनके निर्माण में वाहनों, उद्योगों और बायोमास जलाने से निकलने वाले उत्सर्जन की भूमिका होती है।
पटाखों का असर घटा, वाहनों का योगदान बढ़ने की आशंका
दिवाली के बाद प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी तेजी से कम हुई है। सोमवार को यह 71.1 % और मंगलवार को 29.8 % थी, जो बुधवार को 7.4 और बृहस्पतिवार को 7.1 % रह गई। हालांकि, दिल्ली की निर्णय सहायता प्रणाली के अनुमान के मुताबिक, शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी बढ़कर 18.5 % हो सकती है। इसके सबसे बड़ा प्रदूषण स्रोत बनने की आशंका है। इस बीच, शहर में स्वच्छ हवा के अधिकार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। बुधवार को 313 रहा दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई बृहस्पतिवार को बढ़कर 350 पहुंच गया था। शुक्रवार सुबह इसमें और वृद्धि दर्ज की गई। मौसम की बात करें तो सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता ने राजधानी में सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है।