परिसीमन आयोग तय करेगा कहां, कितनी संसदीय सीटें बढ़ेंगी

आयोग महिला आरक्षित सीटें भी चुनेगा, सुप्रीम कोर्ट जज अध्यक्ष और हर राज्य से होंगे 10 सहयोगी सदस्य
delimitation_commission_parliament
परिसीमन आयोग तय करेगा संसद का आकार...
Published on: 

नयी दिल्ली : केंद्र सरकार द्वारा सोमवार को लोकसभा में पेश किये जाने वाले संविधान संशोधन विधेयक के तहत लोकसभा और सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। परिसीमन आयोग यह तय करेगा कि किस राज्य में कितनी लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ेंगी। आयोग महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षित सीटों की पहचान भी करेगा।

कैसा होगा परिसीमन आयोग का ढांचा?

परिसीमन आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या रिटायर्ड जज करेंगे। इनके अलावा हर राज्य से 10 सहयोगी सदस्य नामित किये जायेंगे। आयोग के मुख्य सदस्यों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) या उनके नामित निर्वाचन आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त आयोग के अन्य दो सदस्य होंगे। मेघालय और नगालैंड में राज्य निर्वाचन आयुक्त की जगह राज्यपाल की ओर से नामित व्यक्ति यह जिम्मेदारी निभायेगा। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार तय करेगी। जरूरत पड़ने पर सरकार इसे बढ़ा भी सकेगी।

हर राज्य से 5 सांसद और 5 विधायक सहयोगी सदस्य

प्रत्येक राज्य से पांच लोकसभा सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष नामित करेंगे। पांच विधायकों को संबंधित राज्य विधानसभा के अध्यक्ष नामित करेंगे। ये सहयोगी सदस्य आयोग की बैठकों और चर्चाओं में हिस्सा ले सकेंगे, लेकिन उन्हें मतदान करने या आयोग के फैसलों पर हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं होगा।

आयोग लेगा सरकारी विभागों और GIS विशेषज्ञों की मदद

परिसीमन की प्रक्रिया के लिए आयोग महापंजीयक (RGI), जनगणना आयुक्त, सर्वेयर जनरल और अन्य सरकारी अधिकारियों की सहायता ले सकेगा। जरूरत पड़ने पर GIS विशेषज्ञों को भी शामिल किया जा सकेगा। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होगा। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव में जम्मू-कश्मीर को लेकर अलग व्यवस्था है। अगर पाकिस्तान के कब्जे वाला क्षेत्र (POK) भारत के नियंत्रण में आता है, तो वहां विधानसभा सीटों के परिसीमन की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग निभायेगा। इस स्थिति में निर्वाचन आयोग परिसीमन आयोग की भूमिका में काम करेगा।

लोकसभा सांसदों की संख्या 850 करने का प्रस्ताव

संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है। इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। इससे लोकसभा में राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी का अनुपात मोटे तौर पर बना रहेगा। नये परिसीमन के बाद सीटों की संख्या 2051 तक नहीं बदली जा सकेगी।

महिलाओं के लिए 15 साल तक आरक्षण

महिलाओं के लिए आरक्षण 2023 के संविधान संशोधन के लागू होने की तारीख से 15 साल तक रहेगा। संसद कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ा सकेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें संबंधित वर्गों के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर तय की जायेंगी। आरक्षित सीटों का रोटेशन किस प्राधिकरण और किस तरीके से होगा, यह संसद तय करेगी। गौरतलब है कि इससे पहले 17 अप्रैल को महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। विधेयक को पास होने के लिए 54 वोट और चाहिए थे। इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े अन्य विधेयकों को आगे नहीं बढ़ाया था।

विधेयक पास कराने के लिए 359 वोटों की जरूरत

लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं। अगर तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन जारी रहता है, तो लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) सहित 539 सदस्य सदन की कार्यवाही में शामिल हो सकेंगे। स्पीकर को छोड़कर सभी 538 सदस्य मतदान करते हैं, तो विधेयक पास कराने के लिए 359 वोटों की जरूरत होगी। सांसदों की अनुपस्थिति से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा कम हो जायेगा। तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर सोमवार की बैठक से पहले कल्याण बनर्जी का निलंबन खत्म करने की मांग की है।

विधेयक के संभावित समर्थक

परिसीमन विधेयक पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को शरद गुट के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), द्रमुक का समर्थन मिलने की संभावना है। राकांपा (शरदचंद्र पवार) के लोकसभा में आठ सांसद हैं। वहीं 22 सांसदों वाली द्रमुक ने तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने वाले फॉर्मूले पर सहमति के संकेत दिये हैं। इससे पहले जून में तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होकर राजग समर्थक नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय का ऐलान किया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News