

नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली की सुबह आसमान में जहरीली धुंध छाई रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 383 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब है। शहर के 54 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 24 में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि शेष केंद्रों पर यह ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही।
‘समीर’ ऐप के अनुसार, जहांगीरपुरी में सबसे अधिक AQI 450 दर्ज किया गया। इसके बाद आर के पुरम में AQI 448 रहा। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को मामूली सुधार हुआ था। AQI शुक्रवार को 382 था, जो शनिवार को घटकर 369 हो गया था। हालांकि, यह ‘गंभीर’ श्रेणी की न्यूनतम सीमा 401 के करीब बना रहा।
कई निगरानी केंद्रों पर AQI पहले ही 400 के पार पहुंच गया था। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) के अनुसार, 8 और 9 नवंबर को वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने की आशंका है। अगले 6 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ और ‘बेहद खराब’ श्रेणियों के बीच बनी रह सकती है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।