पहली बार विधानसभा में हो सकता ऐसा सत्र ?

अदालत के आदेश के बाद नेता प्रतिपक्ष के बिना शुरू हो सकता है विधानसभा का सत्र
पहली बार विधानसभा में हो सकता ऐसा सत्र ?
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस में विभाजन के कारण पश्चिम बंगाल विधानसभा के सामने शीतकालीन सत्र से पहले एक अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई है। विधानसभा के इतिहास में पहली बार सदन बिना मान्यता प्राप्त नेता प्रतिपक्ष के काम कर सकता है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष के सामने राजनीतिक और प्रक्रियागत रूप से मुश्किल फैसला लेने की चुनौती है। विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को यह फैसला करना होगा कि वह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े के समर्थन से नामित व्यक्ति को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दें या पार्टी के बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी के दावे पर फिर से विचार करें। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने ऋतब्रत की नेता प्रतिपक्ष के रूप में नियुक्ति रद्द कर दी है। अदालत ने मुख्य सचेतक के रूप में अखरुज्जमां की नियुक्ति भी रद्द करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को दोनों नियुक्तियों पर कानून के अनुसार 10 दिन के भीतर फिर से विचार करने का निर्देश दिया है।

विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक

विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक का होगा। अदालत की ओर से तय समयसीमा करीब सात दिसंबर को समाप्त हो रही है। ऐसे में सदन का सत्र किसी मान्यता प्राप्त नेता प्रतिपक्ष के बिना शुरू होने की आशंका है। अदालत के आदेश से यह पद रिक्त हो गया है, लेकिन इसमें यह नहीं बताया गया है कि विधानसभा अध्यक्ष को दोनों पक्षों के दावों का निपटारा किस तरह करना चाहिए। आठ बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हो चुके एक वरिष्ठ पूर्व विधायक ने कहा कि इस मामले में फैसला विधानसभा अध्यक्ष को ही करना है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी की ओर से औपचारिक सूचना दिया जाना महत्वपूर्ण है।

पूर्व विधायक ने कहा, ‘‘अब विधानसभा अध्यक्ष को फैसला करना है। नेता प्रतिपक्ष कौन होगा, यह उस पार्टी के फैसले से तय होता है, जो विधानसभा अध्यक्ष को इसकी जानकारी देती है। ममता बनर्जी खेमे के विधायक और विपक्षी विधायक, दोनों तृणमूल के नाम और चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए थे। नेता प्रतिपक्ष के चुनाव के लिए सदन में शक्ति परीक्षण कराने का कोई प्रावधान नहीं है। लेकिन सदन में विधानसभा अध्यक्ष सर्वोच्च होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर विधानसभा अध्यक्ष फिर से ऋतब्रत के पक्ष में फैसला लेते हैं, तो यह जांचना होगा कि वह किस पार्टी से जुड़े हैं, क्योंकि वह अब ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ के सदस्य हैं, जिसे निर्वाचन आयोग ने अभी तक मान्यता नहीं दी है। नेता प्रतिपक्ष के नाम का प्रस्ताव करने वाला पार्टी का आधिकारिक पत्र शोभनदेव चट्टोपाध्याय के पास है।’’

विधानसभा अध्यक्ष समयसीमा के भीतर तर्कसंगत आदेश जारी करने से पहले दोनों पक्षों के दावों, पार्टी की ओर से भेजे गए पत्रों और उनके समर्थन में पेश किए गए दस्तावेजों की जांच कर सकते हैं। वह दोनों धड़ों के विधायकों की संख्या को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। राजनीतिक चर्चाओं में सदन में शक्ति परीक्षण कराने की बात सामने आई है, लेकिन अदालत ने ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया है। पूर्व विधायक ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के चुनाव के लिए सदन में शक्ति परीक्षण कराने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘यह पद सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तरह विश्वास प्रस्ताव के जरिए नहीं भरा जाता। विधानसभा अध्यक्ष को संबंधित नियमों, परंपराओं, पार्टी की स्थिति और अदालत के निर्देश को ध्यान में रखना होगा।’’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News