

इंफाल : मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में बम हमले में दो बच्चों की मौत के बाद मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने मंगलवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द से जल्द राज्य में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि सचिवालय में विधायकों के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई और तनाव कम करने के उपायों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संभावित कदम उठा रही है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे संदिग्ध उग्रवादियों ने मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में एक घर पर बम फेंका, जिसमें पांच साल के एक लड़के और छह महीने की एक बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों व एक ट्रक में आग लगा दी, साथ ही पुलिस चौकी को नुकसान पहुंचाया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शांति प्रक्रिया को पटरी से उतारने के लिए निहित स्वार्थी तत्व हिंसा फैला रहे हैं और लोगों से बंद, नाकेबंदी तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से दूर रहने की अपील की है।
मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी-ज़ो समुदायों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।