

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी ने शनिवार को दावा किया कि दो मान्यता प्राप्त स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में जांच के दौरान पश्चिम बंगाल से लिए गए उसके पानी के नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं। कंपनी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से नियामक और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में आए अंतर के कारणों की जांच करने की मांग की है।
कंपनी का यह बयान FSSAI की उस हालिया कार्रवाई के बाद आया है, जिसमें पश्चिम बंगाल से लिए गए नियामक नमूने के लैब परीक्षण में विफल रहने के बाद बिसलेरी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई। सूत्रों के मुताबिक, जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित कंपनी के विनिर्माण संयंत्र से लिया गया नमूना जांच में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया से दूषित पाया गया था।
सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं ने नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की थी। इसके बाद खाद्य नियामक ने 12 अगस्त 2026 को संबंधित बैच (PB201) की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। बिसलेरी ने कहा कि FSSAI के निर्देश पर वह इस बैच के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को पहले ही बाजार से वापस मंगा चुकी है।
चौहान परिवार के नेतृत्व वाली कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उसने उसी बैच के नमूनों की अलग-अलग स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में जांच कराई थी। FSSAI से मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में परीक्षण के दौरान नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अन्य सभी लागू मानकों पर खरा पाया गया। कंपनी के अनुसार, दूसरी स्वतंत्र और FSSAI-मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला की रिपोर्ट में भी यही निष्कर्ष सामने आया।
बिसलेरी ने कहा कि नियामक और स्वतंत्र जांच के नतीजों में अंतर की गंभीरता से समीक्षा होनी चाहिए। कंपनी ने FSSAI से नमूना लेने की प्रक्रिया, जांच की पद्धति, प्रयोगशालाओं के निष्कर्ष और परिणामों में अंतर की संभावित वजहों की पड़ताल करने का आग्रह किया है। कंपनी ने कहा कि मामले का आकलन पूरे उद्योग पर लागू समान मानकों के आधार पर किया जाना चाहिए और वह तथ्यों को स्पष्ट करने के लिए नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।
बिसलेरी के खिलाफ गोवा स्थित उसके एक विनिर्माण संयंत्र से लिए गए नमूने के मामले में भी FSSAI अभियोजन की मंजूरी दे चुका है। उस मामले में नियामक ने बताया था कि पानी का नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमा के अनुरूप नहीं था और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया था। कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल फूड लैब भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने के आधार पर उसे फिर असुरक्षित बताया गया था।
इस बीच, FSSAI के CEO रजित पुनहानी ने हाल ही में कहा था कि नियामक देशभर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने एकत्र कर रहा है। इनकी प्रयोगशाला जांच एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियामक की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है, न कि उपभोक्ताओं के बीच घबराहट पैदा करना।
FSSAI ने राज्य के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को भी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर तथा मिनरल वाटर की निगरानी, निरीक्षण और नमूना जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नियामक ने कहा है कि मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस साल खाद्य सुरक्षा निगरानी मजबूत करने के लिए FSSAI खाद्य कारोबारियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ भी अपनी प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर रहा है।