पटना/नई दिल्ली : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता रहे केसी त्यागी और उनके बेटे अम्बरीष त्यागी ने पाला बदलते हुए राष्ट्रीय लोक दल (RLD) में शामिल हो गए। RLD अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दोनों नेताओं को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया। केसी त्यागी लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं, ऐसे में उनके अनुभव का फायदा पार्टी को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं अम्बरीष त्यागी के आने से युवाओं के बीच भी रालोद की पकड़ मजबूत हो सकती है।
त्यागी ने 16 को ही कर दिया था जदयू छोड़ने का ईशरा : केसी त्यागी के रालोद में शामिल होने की चर्चा पिछले कई दिनों से चल रही थी, जिस पर अब विराम लग गया है। इसी महीने 16 तारीख को उन्होंने एक बयान जारी कर साफ कर दिया था कि उन्होंने JDU के सदस्यता अभियान के तहत अपनी सदस्यता का नवीकरण नहीं कराया है। इसके बाद से ही उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।
नीतीश कुमार भारत रत्न देने की मांग की थी:
जानकारी हो कि बीते 9 जनवरी को केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की थी। इस बयान के बाद JDU की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई थी। पार्टी ने यहां तक कह दिया था कि यह स्पष्ट नहीं है कि केसी त्यागी अब पार्टी में हैं भी या नहीं। इसी के बाद से उनके और पार्टी के बीच दूरी बढ़ती नजर आई।
जदयू के मजबूत स्तंभ थे त्यागी ः JDU के पुराने और अहम चेहरा रहे हैं त्यागी : केसी त्यागी JDU के गठन के समय से ही पार्टी के अहम नेताओं में रहे हैं। साल 2003 में जब समता पार्टी और जनता दल का विलय हुआ था, तब जॉर्ज फर्नांडिस, शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ त्यागी भी मजबूत स्तंभ माने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक पार्टी के प्रधान महासचिव के रूप में काम किया और शीर्ष नेतृत्व के साथ करीबी तालमेल बनाए रखा. अब उनके रालोद में जाने को राजनीतिक रूप से एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।