

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले, राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने गुरुवार की शाम को नयी दिल्ली में अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कदम पर हैरानी जताई और कहा कि बोस के इस्तीफा देने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल एवं पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) आर एन रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। सत्रह नवंबर, 2022 को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल नियुक्त किए गए बोस ने कहा कि ‘‘हां, मैंने इस्तीफा दे दिया है। मैं साढ़े तीन साल तक बंगाल का राज्यपाल रहा हूं यह मेरे लिए पर्याप्त है।’ उन्होंने हालांकि अचानक इस्तीफा देने के कारणों का खुलासा नहीं किया और न ही यह बताया कि क्या कोई राजनीतिक दबाव था जिसके कारण उन्होंने यह निर्णय लिया। मुख्यमंत्री बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘‘मुझे केंद्रीय गृह मंत्री (अमित शाह) से पता चला है कि आरएन रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में सीवी आनंद बोस का स्थान लेंगे।’’सीएम ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के ‘‘दबाव में’’ आनंद बोस को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया हो सकता है।उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह अचानक हुए इस घटनाक्रम से ‘‘स्तब्ध और बेहद चिंतित’’ हैं और दावा किया कि उन्हें इसके कारणों का पता नहीं है। बनर्जी ने कहा, ‘‘मुझे फिलहाल उनके इस्तीफे के कारणों की जानकारी नहीं है। हालांकि, यदि बंगाल चुनाव से पहले राज्यपाल बोस पर केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से राजनीतिक कारणों से दबाव डाला गया हो तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा।’’