बीजेपी पंचायत सदस्य पर जानलेवा हमला, टीएमसी पर आरोप

Bengal: BJP Panchayat Member Attacked in Nadia, TMC Alleged
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के बेलघरिया नंबर एक ग्राम पंचायत के शिवतला पाड़ा इलाके में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ बीजेपी के पंचायत सदस्य सरजीत विश्वास पर रात के अंधेरे में जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि कुछ बदमाशों ने धारदार हथियारों और बीयर की टूटी बोतलों से उन्हें जान से मारने की कोशिश की। स्थानीय लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं की मुस्तैदी के चलते उनकी जान बच सकी। इस हमले का आरोप सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के आश्रित बदमाशों पर लगा है, जिससे इलाके में भारी राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है।

पीड़ित बीजेपी नेता सरजीत विश्वास ने बताया, "मैं सोमवार रात शिवतला में अपने घर के बाहर अकेला बैठा था। तभी वहां से गुजर रही तीन-चार वैन गाड़ियों में सवार लोग आपस में झगड़ा करने लगे। जब मैंने उन्हें वहां अशांति फैलाने से मना किया, तो टीएमसी से जुड़े कुछ बदमाशों ने अचानक मुझ पर हमला कर दिया। उनके हाथों में लोहे की रॉड और धारदार हथियार थे।"

शराब की बोतल और धारदार हथियार से हमले की कोशिश, लोगों ने बचाया

सरजीत का दावा है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। बदमाशों ने लोहे की रॉड से उनके सिर और पूरे शरीर पर वार किया और टूटी हुई बीयर की बोतल से गला रेतने की कोशिश की। उनके चिल्लाने पर स्थानीय लोग और बीजेपी के बूथ अध्यक्ष रूप कुमार विश्वास मौके पर पहुंचे। रूप कुमार ने बताया कि जब उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की, तो बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल फेंक दी और उनके साथ भी मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही शांतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बीजेपी की ओर से आरोपियों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in