

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर: रेल विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित ईस्टर्न रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन (बैरकपुर शाखा) की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया। इस सभा का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना और सेवानिवृत्त रेल कर्मियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन का झंडा फहराकर और शहीद बेदी पर माल्यार्पण कर की गई। सभा के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर चर्चा करते हुए नई पेंशन योजना (NPS) को रद्द कर पुन: पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही, संगठन ने मांग की कि रेलवे के लिए फिर से अलग रेल बजट पेश करने की परंपरा शुरू की जाए, ताकि रेल कर्मियों और यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा सके।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की स्थापना के बाद से ही वे सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। सभा में चिकित्सा सुविधाओं, वरिष्ठ नागरिकों को रेल टिकट में मिलने वाली छूट की बहाली और अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे अपने हक की लड़ाई को और तेज करेंगे।