निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : बारासात अंचल के आमडांगा थाना इलाके में रक्षा मंत्रालय के अधीन राइफल फैक्ट्री के कर्मचारी तन्मय जाना (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता द्वारा दर्ज कराई गई हत्या की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी सुतपा जाना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला पेशे से होम्योपैथी चिकित्सक है। स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, दंपति के बीच पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक अशांति और मनमुटाव चल रहा था। इसी कलह के चलते सुतपा अपने 12 साल के बेटे के साथ घर के एक हिस्से में अलग रहती थी, जबकि तन्मय दूसरे कमरे में रहता था। मंगलवार को जब बेटा पिता के कमरे में गया, तो उसने तन्मय को अचेत अवस्था में पाया और शव के पास खून के दाग देखकर अपनी मां व अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी। गिरफ्तारी से पहले पत्नी सुतपा ने दावा किया था कि अत्यधिक मद्यपान के कारण उसके पति की मौत हुई हो सकती है। वहीं, पुलिस का कहना है कि एक ही घर में रहने के बावजूद इतनी बड़ी घटना की भनक तुरंत न लगने और शव के पास खून मिलने जैसे कई सवालों के कारण पत्नी की भूमिका संदेह के घेरे में है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आपसी कलह और इस मौत के बीच क्या कोई सीधा संबंध है।