

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: बैंटरा थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी के मामले में हावड़ा सिटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ठगी गई पूरी रकम बरामद कर ली है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के 10 लाख 86 हजार 21 रुपये की पूरी राशि वापस हासिल की। इस संबंध में बैंटरा थाना केस संख्या 129, दिनांक 24 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4)/316(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच अधिकारी और साइबर हेल्प डेस्क की मेहनत से मिली सफलता
मामले की जांच के दौरान जांच अधिकारी एसआई संजय विश्वास और साइबर हेल्प डेस्क की एलसीवी मालविका अधिकारी ने लगातार प्रयास करते हुए धोखाधड़ी से हासिल की गई पूरी रकम बरामद की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के जरिए रकम की रिकवरी संभव हुई। बरामदगी के बाद शनिवार को शिकायतकर्ता श्याम सुंदर पाल को प्रतीकात्मक डमी चेक सौंपा गया। इस दौरान हावड़ा सिटी पुलिस के सेंट्रल डिवीजन के डीसीपी तौसिफ अली अजहर भी मौजूद रहे।
पूरी रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने हावड़ा सिटी पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस की ओर से कहा गया कि साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों की रकम वापस दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों को भी ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।