

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : एक निजी बैंक के खाताधारकों को झांसा देकर उनके लाखों रुपये डकारने के आरोप में डोमजूर थाना पुलिस ने सुमित कुंडू नाम के एक बैंक कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक ग्राहक के खाते से करीब 47 लाख रुपये गबन करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद से आरोपी की धोखाधड़ी के कई अन्य मामले भी सामने आने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई डोमजूर के कटलिया निवासी अभिजीत पात्र की शिकायत पर की गई है। अभिजीत कतर में काम करते थे। साल 2019 में सुमित ने उन्हें अधिक फायदों का लालच देकर एक बैंक खाता खुलवाया था। विदेश में रहते हुए अभिजीत अपने परिवार के खर्च के लिए नियमित रूप से इस खाते में पैसे भेजते थे।
ग्राहक की शिकायत पर बैंक कर्मी गिरफ्तार
आरोप है कि सुमित ने अभिजीत के फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर धीरे-धीरे खाते से मोटी रकम उड़ा ली। करीब एक साल पहले जब अभिजीत अपने पिता के निधन के बाद देश लौटे, तो खाते की जांच करने पर उनके होश उड़ गए। उनके खाते से 47 लाख रुपये गायब थे और सिर्फ कुछ हजार रुपये ही बचे थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुमित को गिरफ्तार कर लिया। इस ठगी की खबर फैलते ही इलाके के कई अन्य लोगों ने भी सुमित पर नया खाता खोलने और विशेष सुविधाएं दिलाने के नाम पर 5 से 25 हजार रुपये तक की ठगी करने के आरोप लगाए हैं। यहां तक कि आरोपी ने अपने जीजा को भी नहीं बख्शा। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।