

नयी दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले ताजा बयान को लेकर सोमवार को उन पर निशाना साधा। राहुल ने दावा किया कि इस बात की गारंटी है कि प्रधानमंत्री उनके साथ बहस करने पर जवानों के समक्ष खड़े होने की हिम्मत भी नहीं कर पायेंगे। राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से मोदी को इस विषय पर सीधी बहस की चुनौती दे रहे हैं कि ‘देशदोही’ कौन है।
गौरतलब है कि मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों के साथ दिवाली मनायी थी और राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा था कि भले ही हथियारबंद माओवादियों का सफाया हो गया है, लेकिन नक्सलवाद का खतरा अभी टला नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘दिमागी नक्सली’ राजनीतिक दलों सहित कई संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं और लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं। इसको लेकर राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया- CRPF के प्रिय जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया कि आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं। उन्होंने हमें नक्सली कहा।
मेरी चुनौती कायम है। वे मुझसे बहस करें कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है। कोई भी समय, किसी भी जगह। उन्होंने दावा किया, ‘‘मेरी गारंटी है कि उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।