

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : उलूबेड़िया थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में शुक्रवार को डीईबी (DEB), लीगल मेट्रोलॉजी विभाग और उलूबेड़िया थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई का उद्देश्य बाजारों में ग्राहकों को सही वजन और माप उपलब्ध कराने के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों द्वारा निर्धारित नियमों के पालन की जांच करना था।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में इस्तेमाल किए जा रहे वजन और माप के तरीकों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक समेत अन्य वजन करने वाले उपकरणों की कार्यक्षमता, वैधता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की भी पड़ताल की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों से आवश्यक कानूनी एवं वैधानिक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने को कहा।
अवैध इलेक्ट्रॉनिक तराजू किए गए जब्त
निरीक्षण के दौरान लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के इंस्पेक्टर (ILM) ने कई ऐसे इलेक्ट्रॉनिक वजन यंत्र पाए, जिन्हें वैध नहीं पाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले इन उपकरणों को विभाग की ओर से जब्त कर लिया गया। कार्रवाई से बाजारों में हड़कंप मच गया और दुकानदारों को वजन-माप से संबंधित नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
ग्राहकों को सही वजन दिलाने पर जोर
प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाजारों में माप-तौल की पारदर्शिता सुनिश्चित करना और ग्राहकों के हितों की रक्षा करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों द्वारा मान्य और प्रमाणित उपकरणों का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। साथ ही आवश्यक दस्तावेज और वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन भी अनिवार्य है। प्रशासन की इस तरह की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।