

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के जगाछा थाना अंतर्गत धाड़सा काजीपाड़ा इलाके में घर के चबूतरे पर मिली नवजात बच्ची को छोड़ने वाले की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को भी जगाछा थाने की पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी रही। जांच के दौरान मिली फुटेज में एक महिला हाथ में सफेद तौलिया लेकर गली की ओर जाती दिखाई दी है। पुलिस को संदेह है कि उसी महिला की गोद में नवजात बच्ची हो सकती है। पुलिस अब फुटेज में दिखाई दे रही महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि महिला के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
बच्ची को होम भेजा गया
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला इलाके की रहने वाली है या बाहर से बच्ची को लेकर वहां पहुंची थी। दूसरी ओर पुलिस ने बच्ची को अपने कब्जे में लेने के बाद प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था कराई। इसके बाद उसे एक होम में भेज दिया गया है। बच्ची की उम्र दो दिन से अधिक नहीं होने का अनुमान लगाया गया है। फिलहाल उसकी देखभाल की जा रही है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जांचकर्ताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नवजात बच्ची को इस तरह सुनसान जगह पर छोड़ने की वजह क्या थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। महिला की पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है।