मध्यमग्राम स्टेशन के पास काठगोदाम में भीषण अग्निकांड

लकड़ी टाल से भड़की आग ने कई दुकानों को लिया चपेट में, सिलेंडरों के धमाकों से दहला इलाका
A massive fire broke out in Kathgodam near Madhyamgram station.
मध्यमग्राम के काठगोदाम में लगी आग REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

मध्यमग्राम : उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्टेशन से सटे इलाके में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक काठगोला में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि वहां रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। इस घटना के कारण सियालदह-बनगांव शाखा पर रेल सेवा भी आंशिक रूप से प्रभावित हुई है।

सिलेंडर फटने से स्थिति हुई बेकाबू

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले स्टेशन के पीछे स्थित लकड़ी के टाल में लगी थी। वहां सूखी लकड़ियां होने के कारण लपटें तेजी से फैलीं और पास की खाने-पीने की दुकानों तक पहुंच गईं। दुकानों में रखे रसोई गैस सिलेंडरों के फटने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन इलाका बेहद भीड़भाड़ वाला होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

लाखों की संपत्ति खाक, रेल यातायात प्रभावित

युद्धस्तर पर आग बुझाने की कार्रवाई के बाद आग पर काबू पाया गया। स्टेशन के बिल्कुल करीब आग लगने के कारण एहतियात के तौर पर ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि शॉर्ट सर्किट था या कोई और कारण। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख होने का अनुमान है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in