अंडमान निकोबार राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री से की मुलाकात

अंडमान निकोबार राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री से की मुलाकात
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध अंडमान निकोबार राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल को रविवार को लोक निवास में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से भेंट करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के नियमित कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष रखा। प्रमुख मांगों में संपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश को हार्ड एरिया घोषित कर सभी कर्मचारियों को हार्ड एरिया भत्ता एवं विशेष प्रतिपूरक भत्ता प्रदान करना, लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश की तर्ज पर ग्रुप बी पदों के लिए आयु सीमा बढ़ाकर 40 वर्ष करना, राजभाषा से संबंधित पदों का सृजन, सभी डीम्ड एबोलिश्ड पदों के लिए ब्लैंकेट अप्रूवल, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशालय का गठन कर पदों का पुनर्गठन जिससे आईटी कैडर के कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर मिल सकें, एसी कैडर कर्मचारियों के वेतनमान का उन्नयन तथा विशेष रूप से तकनीकी विभागों में विभागाध्यक्ष पदों पर सभी पात्र अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान करना शामिल था।

इसके अतिरिक्त डीआरएम के समायोजन से संबंधित एक अलग प्रस्ताव भी विस्तार से प्रस्तुत किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना, संबंधित प्रश्न पूछे और कार्यशील वर्ग के कल्याण के लिए समाधान का मार्ग प्रशस्त करने का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के अलावा द्वीपों से संबंधित विभिन्न सामाजिक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई और द्वीपवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का भरोसा दिया गया। प्रतिनिधिमंडल को यह भी जानकारी दी गई कि प्रत्येक तिमाही में दौरा किया जाएगा तथा आपसी संवाद और पत्राचार के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाएगा, ताकि न्यायालयीन प्रक्रियाओं की आवश्यकता कम पड़े।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महासंघ के अध्यक्ष जयदीप कुमार डे, महासचिव एस. बीजू पिल्लई एवं वित्त सचिव ए. विजय नायर ने किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in