6,000 करोड़ के सट्टेबाजी मामले में 6 राज्यों में 33 स्थानों पर छापेमारी

सीबीआई ने डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए
6,000 करोड़ के सट्टेबाजी मामले में 6 राज्यों में 33 स्थानों पर छापेमारी
Published on: 

नयी दिल्ली : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले की जांच के सिलसिले में 6 राज्यों में 33 स्थान पर छापेमारी कर डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और ऐसे दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनसे ‘म्यूल’ बैंक खातों और हवाला के जरिए धन के लेनदेन के संकेत मिले हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। ‘म्यूल’ बैंक खाता ऐसा बैंक खाता होता है, जिसका इस्तेमाल अपराधी अवैध तरीके से हासिल की गई रकम प्राप्त करने, उसे दूसरे खातों में भेजने और धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं।

दुबई से सौरभ चंद्राकर को किया गया प्रत्यर्पित

सीबीआई ने बताया कि इस ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में शामिल सौरभ चंद्राकर के ओमान से प्रत्यर्पण के बाद उसके द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर छापेमारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, मुंबई, नागपुर, अमृतसर, भोपाल और रायपुर समेत विभिन्न स्थानों पर की गई इस छापेमारी में सट्टेबाजी ऐप के पैनल (ऑनलाइन व्यवस्था या इंटरफेस जिसके जरिए सट्टेबाजी की गतिविधियां संचालित की जाती हैं) संचालकों से जुड़े परिसरों को निशाना बनाया गया।

सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि कई स्थानों पर सट्टेबाजी और जुए के ऑनलाइन पैनल सक्रिय पाए गए, जिन्हें बाद में निष्क्रिय कर दिया गया। चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने उसे एक नवंबर को गिरफ्तार किया था।

सौरभ को न्यायिक हिरासत में भेजा

रायपुर की एक विशेष अदालत ने चंद्राकर से पूछताछ के लिए सीबीआई को उसकी 8 दिन की हिरासत की अनुमति दी थी। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीबीआई की प्रवक्ता ने कहा, ‘सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान इस ऐप के संचालन और भारत में इसके पैनल संचालकों के नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली।’ प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान एकत्र किए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी चंद्राकर से पूछताछ की गई।

विदेश से किया जा रहा था ऐप का संचालन

सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव ने कहा, ‘अब तक की जांच से पता चला है कि इस सट्टेबाजी ऐप का संचालन विदेश से एक मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता है और भारत में इसके पैनल संचालकों का एक बड़ा नेटवर्क है।’’

उन्होंने बताया कि ये संचालक ग्राहकों की पहचान संख्या (आईडी) का प्रबंधन करते हैं और दूसरे लोगों के नाम पर विशेष रूप से खोले गए या किराये पर लिए गए बैंक खातों में सट्टेबाजी की रकम जमा करते हैं तथा इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती है।

2 प्राथमिकियां दर्ज

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद सीबीआई ने 6,000 करोड़ रुपये के इस सट्टेबाजी घोटाले में 2 प्राथमिकी दर्ज की हैं। सीबीआई की प्रवक्ता ने कहा, ‘विदेश में मौजूद आरोपितों सहित अन्य आरोपितों, इस नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की जांच जारी है। फरार अन्य आरोपितों के प्रत्यर्पण के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।’ सीबीआई के अनुसार, जांच में पता चला है कि ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ देश में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के सबसे बड़े नेटवर्क में से एक था, जिसका कथित संचालन भारत के बाहर से फ्रेंचाइजी के आधार पर चलने वाले पैनल और शाखाओं के नेटवर्क के जरिए किया जाता था।

सीबीआई ने बताया कि इस ऐप के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश के खेल और अन्य आयोजनों पर कथित तौर पर सट्टा लगवाया जाता था। इसके लिए देशभर में फैले नेटवर्क के जरिए लोगों को इससे जोड़ा जाता था और उनसे सट्टे की रकम एकत्र की जाती थी।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News