सुकमा में 22 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

अधिकारियों ने दिया बयान
सुकमा में 22 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
Published on

सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक नक्सली दंपति समेत 22 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले में सुरक्षाबलों के सामने 8-8 लाख रुपये के इनामी नक्सली मुचाकी जोगा (33) और उसकी पत्नी मुचाकी जोगी (28) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि नक्सली जोगा नक्सलियों के पीएलजीए कंपनी नंबर एक में डिप्टी कमांडर है तथा जोगी सदस्य है।

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 22 नक्सलियों में 5-5 लाख रुपये के इनामी किकिड़ देवे (30) और मनोज उर्फ दूधी बुधरा (28) तथा 2-2 लाख रुपये के इनामी माड़वी भीमा (30), माड़वी सोमड़ी (48), संगीता (24), माड़वी कोसी (24), वंजाम सन्नी (24), माड़वी मंगली (35) और ताती बंडी (35) शामिल हैं। वहीं नक्सली पुनेम जोगा पर 50 हजार रुपये का इनाम है। अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 9 महिला नक्सली भी शामिल हैं। सभी नक्सली माड़ डिवीजन और नुआपाड़ा डिवीजन में सक्रिय थे। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर तथा नक्सलियों की अमानवीय, आधारहीन विचारधारा और उनके शोषण से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की नयी पुनर्वास नीति के तहत 50-50 हजार रुपये प्रदान किया गया है। उन्हें अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in