उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन के बीच 1,321 पर्यटकों का रेस्क्यू

लाचेन में फंसे पर्यटकों को सेना, बीआरओ और प्रशासन के संयुक्त अभियान से सुरक्षित गंगटोक पहुंचाया गया
उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन के बीच 1,321 पर्यटकों का रेस्क्यू
Published on

गंगटोक : सिक्किम के मंगन जिले के लाचेन में कई भूस्खलनों के कारण सड़क संपर्क टूट जाने के बाद फंसे 1,000 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, ये पर्यटक पांच अप्रैल से उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे हुए थे। बृहस्पतिवार को 1,321 पर्यटकों और 84 स्थानीय लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

बचाव अभियान मंगन जिला अधिकारी अनंत जैन की देखरेख में चलाया गया, जिसमें सेना, बीआरओ, लाचेन जुमसा और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों ने सक्रिय समन्वय किया। ताराम चू से चुंगथांग और वहां से गंगटोक तक पर्यटकों को ले जाने के लिए बसों और पर्यटक वाहनों की विशेष व्यवस्था की गई।

निकासी प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थानीय विधायक और सिक्किम के सामाजिक कल्याण मंत्री समदुप लेपचा ने सेना और बीआरओ के अधिकारियों से बातचीत कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पर्यटकों से भी मुलाकात की और उन्हें सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री ने जिला प्रशासन और सभी एजेंसियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि खराब मौसम और रसद संबंधी चुनौतियों के बावजूद टीम वर्क और सामुदायिक सहयोग से मिशन सफल रहा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in