10 माह की बच्ची के अंगदान से 5 लोगों को मिला नया जीवन

अलिन को राज्य सम्मान देने का निर्णय
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता: केरल के पथानमथिट्टा जिले के मल्लप्पल्ली की 10 माह की मासूम अलिन शेरिन अब्राहम ने अंगदान के जरिए मानवता की मिसाल कायम की है। महज दस महीने पहले जन्मी इस बच्ची ने अपनी मृत्यु के बाद पांच लोगों को नया जीवन दिया। इस भावुक घटना की चर्चा पूरे केरल समेत देशभर में हो रही है और सोशल मीडिया पर लोग उसके माता-पिता को सलाम कर रहे हैं।

5 फरवरी को अलिन अपनी मां और दादा-दादी के साथ कोट्टायम से तिरुवल्ला जा रही थी, तभी रास्ते में एक भीषण दुर्घटना हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार को उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।

गहरे शोक के बीच अलिन के पिता अरुण अब्राहम और मां शेरिन आन जॉन ने साहसिक फैसला लेते हुए अपनी बेटी के अंगदान की अनुमति दी। एर्नाकुलम के अस्पताल में उसका लीवर, किडनी, आंखों की कॉर्निया और हार्ट वाल्व दान किए गए।

अलिन का लीवर किम्सहेल्थ, तिरुवनंतपुरम में भर्ती छह महीने के एक शिशु को प्रत्यारोपित किया गया। उसी अस्पताल में एक अन्य बच्चे को उसकी किडनी दी जा रही है।

इस संवेदनशील निर्णय के लिए केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने परिवार के प्रति आभार जताया। वहीं मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने अलिन को राज्य सम्मान देने का निर्णय लिया है।लोगों का कहना है कि अलिन के माता-पिता ने साबित कर दिया कि इंसानियत शोक से भी बड़ी होती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in