ज्वेरेव ने पहली बार अमेरिकी ओपन का खिताब जीता

शीर्ष वरीय अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने बेन शेल्टन को चार सेटों की कड़ी जंग में हराकर अमेरिकी ओपन पुरुष एकल का खिताब जीता, अमेरिका का 21 साल से चला आ रहा ग्रैंड स्लैम सूखा बरकरार रहा
ज्वेरेव ने पहली बार अमेरिकी ओपन का खिताब जीता
Published on

न्यूयॉर्क : शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने मौजूदा वर्ष में अपना करिश्माई प्रदर्शन जारी रखते हुए पहली बार अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल का खिताब जीता। ज्वेरेव ने फाइनल में अमेरिका के बेन शेल्टन को 6-3, 7-6 (2), 5-7, 6-2 से हराया। इस तरह से अमेरिकी पुरुष खिलाड़ियों का ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का लंबा इंतजार जारी है। अमेरिका का कोई भी पुरुष खिलाड़ी 2003 के बाद किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में एकल का खिताब नहीं जीत पाया है। जर्मनी के ज्वेरेव का यह इस साल का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। उन्होंने इससे पहले फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था।

पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में शीर्ष वरीय खिलाड़ी के रूप में खेल रहे ज्वेरेव ने शेल्टन की खराब शुरुआत का पूरा फायदा उठाया तथा दूसरे सेट के टाईब्रेकर में अपनी सर्विस पर किसी भी तरह की गलती नहीं की। शेल्टन को दर्शकों का अपार समर्थन मिल रहा था लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। ज्वेरेव ने ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान कहा, ‘मुझे पता है कि आज 99.9 प्रतिशत लोग बेन को जीतते देखना चाहते थे, इसलिए सबसे पहले तो मुझे बहुत खेद है। लेकिन खेल का माहौल शानदार था।’  एंडी रॉडिक ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले अमेरिका के अंतिम पुरुष खिलाड़ी थे। उन्होंने 2003 में अमेरिकी ओपन जीता था। शेल्टन इस लंबे इंतजार को खत्म करने की कोशिश में थे।

इसके अलावा वह 1968 में आर्थर ऐश के बाद पुरुषों का खिताब जीतने वाले पहले अश्वेत खिलाड़ी बनने की भी कोशिश कर रहे थे। लेकिन इस साल ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में ज्वेरेव का प्रदर्शन इतना शानदार था कि उन्हें खुद भी अपनी इस काबिलियत का अहसास नहीं था। उन्होंने अपनी सर्विस पर ही मैच खत्म कर दिया, लेकिन उन्हें इसका अहसास नहीं हुआ। वे बेसलाइन के पीछे ऐसे खड़े हो गए जैसे रिटर्न करने वाले हों। कुछ ही पलों बाद जब उन्हें पता चला कि वह जीत गए हैं तो उन्होंने जश्न मनाते हुए अपनी बाहें ऊपर उठा लीं। शेल्टन ने ज्वेरेव से कहा, ‘आप दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।

शायद इस साल के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं।’ इस साल ग्रैंड स्लैम मैचों में ज्वेरेव का रिकॉर्ड 25-2 हो गया है। उन्हें यहां खिताब जीतने पर 55 लाख डॉलर की इनामी राशि मिली जो ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में सर्वाधिक है। महिला चैंपियन एलेना रायबाकिना को भी इतनी ही पुरस्कार राशि मिली। ज्वेरेव इससे पहले 2020 में अमेरिकी ओपन जीतने के करीब पहुंच गए थे। उन्होंने तब डोमिनिक थिएम के खिलाफ पहले दो सेट जीते। इसके बाद वह एक समय जीत से सिर्फ दो अंक दूर रह गए थे लेकिन फिर वह 1949 के बाद फाइनल में दो सेट की बढ़त गंवाकर हारने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए। ज्वेरेव इस साल विंबलडन के फाइनल में भी पहुंचे थे, जहां उन्हें यानिक सिनर से हार का सामना करना पड़ा था।

सिनर को घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से हटना पड़ा जिससे ज्वेरेव को शीर्ष वरीयता मिल गई। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि भगवान ने देखा है कि मैंने कितनी मेहनत की, कितना कष्ट सहा, कितना दर्द झेला और मुझे लगता है कि उस कड़ी मेहनत का फल 2026 में मिल रहा है।’ आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शेल्टन ने ज्वेरेव के खिलाफ अभी तक जो छह मैच खेले हैं उन सभी में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। 23 वर्षीय शेल्टन को और भी मौके मिलने की संभावना है, लेकिन पुरुषों के खिताब का जश्न मनाने के लिए इंतजार करते-करते थक चुके अमेरिकी इसे अभी चाहते थे।

मैच से पहले जब शेल्टन जब कोर्ट पर पहुंचे तो दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया लेकिन दर्शक जल्द ही निराश हो गए क्योंकि पहले सर्व करते हुए उन्होंने शुरुआती दो अंक गंवा दिए और फिर डबल फॉल्ट करके गेम ज्वेरेव के नाम कर दिया। ज्वेरेव ने इसके बाद भी इस सेट में अपनी बढ़त बरकरार रखी। उन्होंने दूसरा सेट टाईब्रेकर में जीता। शेल्टन ने तीसरा सेट जीतकर दर्शकों की कुछ उम्मीदें बढ़ाई लेकिन उनकी यह खुशी क्षणिक ही रही क्योंकि ज्वेरेव ने चौथा सेट जीतकर मैच और खिताब अपने नाम कर दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in