'हमें इस तरह की शुरुआत की उम्मीद नहीं थी'

कांगो से 1-1 की अप्रत्याशित बराबरी, रोनाल्डो गोल से महरूम जबकि मेसी, एमबाप्पे और हालैंड ने शुरुआती मैचों में चमक बिखेरी
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

ह्यूस्टन : जहां दुनिया के स्टार खिलाड़ियों ने विश्व कप फुटबॉल के अपने पहले मैच में शानदार खेल का नजारा पेश किया वहीं छठी बार इस टूर्नामेंट में भाग ले रहे क्रिस्टियानो रोनाल्डो का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उन्होंने बाद में स्वीकार किया कि उनकी टीम को कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलने की उम्मीद नहीं थी। लियोनेल मेसी, किलियन एमबाप्पे और एर्लिंग हालैंड ने अपने-अपने शुरुआती मैचों में गोल करके अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई लेकिन रोनाल्डो गोल करने में नाकाम रहे। 

इस साल के विश्व कप में विनीसियस जूनियर, क्रिश्चियन पुलिसिच, विक्टर ग्योकेरेस और हैरी केन जैसे खिलाड़ियों ने भी शुरुआती मैचों में गोल किए हैं, ऐसे में रोनाल्डो का गोल न कर पाना और भी चौंकाने वाला है। हालांकि पुर्तगाल के महान खिलाड़ी रोनाल्डो मेसी के साथ छह विश्व कप में खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। लेकिन अर्जेंटीना के कप्तान के हैट्रिक लगाने के एक दिन बाद रोनाल्डो कुछ मौके चूक गए। रोनाल्डो ने मैच के बाद पत्रकारों से बात नहीं की, लेकिन उन्होंने एक्स पर मैच के बारे में पोस्ट किया।

उन्होंने लिखा, ‘यह वैसी शुरुआत नहीं थी जैसी हम चाहते थे, लेकिन अभी खेल खत्म नहीं हुआ है। हिम्मत रखो और अगले मैच पर ध्यान केंद्रित करो।’ पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज से पूछा गया कि क्या उन्होंने को रोनाल्डो को शुरुआती एकादश से बाहर रखने पर विचार किया था। मार्टिनेज ने कहा, ‘जब आपको गोल की सबसे ज्यादा जरूरत हो, तब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर को बाहर रखना समझदारी नहीं होती है। हमारे लिए क्रिस्टियानो का अनुभव महत्वपूर्ण है।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in