अमेरिकी ओपन : सबालेंका खिताबी हैट्रिक से एक जीत दूर

रायबाकिना के खिलाफ फाइनल में उतरेगी सबालेंका, लगातार तीसरे अमेरिकी ओपन खिताब से एक कदम दूर, सेरेना के बाद हैट्रिक दोहराने का मौका
अमेरिकी ओपन : सबालेंका खिताबी हैट्रिक से एक जीत दूर
Fatima Shbair
Published on

न्यूयॉर्क : एरिना सबालेंका जानती हैं कि अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के बाद वह विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी नहीं रह जाएगी लेकिन उनका लक्ष्य अब एलेना रायबाकिना को हराकर वर्ष के अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में खिताबी हैट्रिक पूरा करना होगा। रायबाकिना फाइनल में हारने पर भी सोमवार को शीर्ष रैंकिंग हासिल कर लेगी। रायबाकिना ने सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ ही विश्व रैंकिंग में नंबर एक स्थान अपने नाम पर सुनिश्चित कर दिया था लेकिन उनके लिए महिला एकल का खिताब जीतना आसान नहीं होगा क्योंकि पिछली दो बार की चैंपियन सबालेंका लगातार तीसरा खिताब जीतने के लिए प्रतिबद्ध दिखती हैं।

अमेरिकी ओपन में महिला वर्ग में आखिरी बार सेरेना विलियम्स ने 2012 से लेकर 2014 तक चैंपियन बनकर खिताबी हैट्रिक पूरी की थी। सबालेंका ने कहा, ‘मैं फाइनल में जगह बनाने के लिए प्रतिबद्ध थी। मैं निश्चित रूप से खिताब जीतने के लिए बेताब हूं।’ रायबाकिना ने सेमीफाइनल में कोको गॉफ को 3-6, 6-4, 6-4 से हराकर महिला टेनिस की शीर्ष दो खिलाड़ियों के बीच मुकाबले का रास्ता साफ किया। सबालेंका ने पहले सेमीफाइनल में जेसिका पेगुला को 7-5, 6-2 से हराया। पहले सेट में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला लेकिन सबालेंका को दूसरा सेट जीतने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

सबालेंका इस समय WTA रैंकिंग में नंबर एक जबकि रायबाकिना नंबर दो पर हैं। सबालेंका के शनिवार को होने वाले फाइनल में जीत हासिल करने पर भी सोमवार को यह स्थिति बदल जाएगी। सबालेंका लगातार 99 सप्ताह से शीर्ष पर बनी हुई हैं। रायबाकिना ने सत्र की शुरुआत ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर की, जिसके फाइनल में उन्होंने सबालेंका को हराया था। सबालेंका का इसके बाद प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिससे रायबाकिना को लगातार आगे बढ़ने का मौका मिलता रहा। सबालेंका ने कहा, ‘शीर्ष पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत लगती है। नंबर एक स्थान पर बने रहना मेरा लक्ष्य था लेकिन अब मैं कुछ खास नहीं कर सकती।

सत्र के बीच में मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। एलेना में बहुत अच्छा खेल दिखाया और मुझसे नंबर एक स्थान छीन लिया।’ दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला अधिक संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें गॉफ ने अंतिम दो सेटों में पिछड़ने के बाद वापसी करने की कोशिश की, लेकिन रायबाकिना ने उनके प्रयासों पर पानी फेर दिया। गॉफ ने शानदार शुरुआत की और पहला सेट आसानी से जीत लिया। इसके बाद हालांकि रायबाकिना ने अच्छी वापसी की और अंतिम दो सेट जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

रायबाकिना ने कहा, ‘मैंने गहरी सांस ली, खुद से सकारात्मक बातें करने की कोशिश की और खुद से कहा कि मुझे लड़ना होगा और अच्छा टेनिस खेलने की कोशिश करनी होगी।’ गॉफ दूसरे सेट में 4-1 से पीछे चल रही थीं लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया। हालांकि रायबाकिना ने अगले दो गेम जीतकर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। तीसरे सेट में रायबाकिना 5-3 से आगे थी और मैच के लिए सर्विस कर रही थी लेकिन गॉफ ने ब्रेक लेकर खुद को एक और मौका दिया लेकिन वह अपनी सर्विस नहीं बचा पाई। 

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in