

न्यूयॉर्क : एलिना स्वितोलिना और गेल मोनफिल्स दोनों US ओपन टेनिस टूर्नामेंट में कभी खिताब नहीं जीत पाए हैं लेकिन इस बार हो सकता है कि यह विवाहित जोड़ा एक साथ कोई ट्रॉफी जीत सके। पति-पत्नी की यह जोड़ी कैटेरीना सिनियाकोवा और हेनरी पैटन को 5-4 (6), 4-5 (3) (10-8) से हराकर मिश्रित युगल सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।
सेरेना विलियम्स और कार्लोस अल्काराज ने अपना पहला दौर का मैच तो जीत लिया, लेकिन बेलिंडा बेनसिच और फ्लेवियो कोबोली से 5-4 (4), 4-1 से हारने के बाद वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। सेमीफाइनल में स्वितोलिना और मोनफिल्स का मुकाबला बेनसिच और कोबोली से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मिरा एंड्रीवा और एंड्री रुबलेव का सामना कैरोलिना मुचोवा और जैकब मेनसिच से होगा। विजेता टीम को 10 लाख डॉलर मिलेंगे।
संन्यास लेने से पहले अपने आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में खेल रहे मोनफिल्स के लिए यह एक शानदार कमाई होगी जिसे वह अपनी पत्नी के साथ साझा कर सकेंगे। कोर्ट पर एक दूसरे को चूमने और गले लगाने के बाद मोनफिल्स ने कहा, ‘पत्नी खुश तो जीवन खुशहाल।’ सेरेना और अल्काराज ने पहले दौर में एरिन राउटलिफ और लॉयड ग्लासपूल को 5-3, 4-1 से हराया।
यह सेरेना का 2022 के बाद यूएस ओपन में पहला मैच था। सेरेना ने कहा, ‘यहां आकर खेलना हमेशा शानदार अनुभव होता है। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं इस कोर्ट पर वापस आ पाऊंगी, इसलिए यह मेरे लिए एक बहुत ही यादगार पल था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा।’