

अल अमेरात (ओमान) : कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की 93 रन की शानदार पारी के दम पर भारत ने गुरुवार को यहां अंडर-19 (U-19) एशिया कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
तेज गेंदबाज ईशान सूद की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 227 रन के स्कोर पर रोक दिया। भारत ने 36.5 ओवर में दो विकेट पर 230 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। कप्तान रायचंदानी ने 90 गेंद की पारी में 13 चौके और एक छक्का जड़ा। उन्हें आर्यवीर सहवाग (51) और छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाने वाले वीके विनीत (नाबाद 57) का अच्छा साथ मिला।
इससे पहले पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। पाकिस्तान ने लीग चरण में भी भारत को शिकस्त दी थी। दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला शनिवार को खेला जायेगा। लक्ष्य का पीछा करते हुए रायचंदानी ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों को कोई खास मौका नहीं दिया।
मोहम्मद अली की गेंद पर जोरदार पुल शॉट लगाकर 49 रन तक पहुंचे लक्ष्य ने अपनी पारी की 39वीं गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। ईशान सूद ने 43 रन देकर तीन विकेट हासिल किये।
मध्य ओवरों में भारतीय स्पिनरों ने भी विपक्षी बल्लेबाजों पर शिकंजा कस दिया। अफगानिस्तान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज नोमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रन बनाये, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज अपनी पारियों के दौरान तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आये। अफगानिस्तान की टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक नहीं पहुंच सकी।