

हैमिल्टन : भारत और न्यूजीलैंड के बीच मंगलवार को यहां सेडन पार्क में खेला जाने वाला तीसरा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। भारत पांच मैच की शृंखला में 2-0 से आगे है। दोनों टीम अब अंतिम दो मुकाबलों के लिए टाउरंगा रवाना होंगी, जहां 13 और 15 नवंबर को मैच खेले जायेंगे।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने लगातार तीसरी बार टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पिछले दो मुकाबलों में उतरी टीम में कोई बदलाव नहीं किया। हालांकि 40-40 ओवर के मैच के लिए मैदान से कवर्स हटाये जाने के दौरान एक बार फिर बारिश शुरू हो गयी।
20-20 ओवर के मुकाबले के लिए स्थानीय समयानुसार शाम सात बजकर 50 मिनट की निर्धारित समय सीमा में कम से कम 70 मिनट शेष होने के बावजूद दोनों अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला किया। इस मुकाबले के लिए मौसम का पूर्वानुमान पहले से ही निराशाजनक था और पूरे दिन बारिश की 90 प्रतिशत संभावना जतायी गयी थी।
यह शृंखला में कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल का आखिरी मुकाबला होना था। इसके बाद दोनों वेलिंगटन में टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। उनके साथ कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज और मोहम्मद सिराज भी टेस्ट टीम से जुड़ेंगे।
गिल की अनुपस्थिति में श्रेयस अय्यर अंतिम दो मुकाबलों में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ और इशान किशन को अंतिम दो मैच की एकादश में जगह मिलने की संभावना है।