श्रेयस अय्यर का पंजाब किंग्स को मंत्र

KKR को 2024 IPL खिताब जिताने के बाद पिछले साल पंजाब किंग्स से जुड़े अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग के साथ टीम की तकदीर बदल दी है
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

मुल्लांपुर : पिछले सत्र की उपविजेता पंजाब किंग्स भले ही शानदार शुरुआत करके IPL में अभी तक अपराजेय हो लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर का मानना है कि फोकस वर्तमान में रहने पर होना चाहिये। KKR को 2024 IPL खिताब जिताने के बाद पिछले साल पंजाब किंग्स से जुड़े अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग के साथ टीम की तकदीर बदल दी है। पिछले सत्र में फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से हारी पंजाब टीम पांच में से चार मैच जीत चुकी है जबकि KKR के खिलाफ मैच बारिश में धुल गया था।

अय्यर ने कहा ,‘मिशन खिताब जीतना है। लेकिन मेरा मानना है कि वर्तमान में और नियंत्रण में रहने से आप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं। बहुत आगे की सोचने की जरूरत नहीं है। मैं अपनी टीम से भी यही कहता हूं कि हम अपने लिये खेल रहे हैं, विरोधी टीम के लिये नहीं। हमें रोज प्रदर्शन में सुधार करना है।’ उन्होंने खिलाड़ियों के फैसले पर भरोसा करने की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया एक मैच में कैसे तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने विजय कुमार विशाख को इंपैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उतारने का सुझाव दिया था और उसने बेहतरीन गेंदबाजी की।

उन्होंने कहा, ‘मैदान पर हर खिलाड़ी मैच में होता है और सभी की राय मायने रखती है। गेंदबाज जब कुछ सुझाव देता है तो उसे मानना अहम है क्योंकि उसकी राय भी सटीक हो सकती है।’ अय्यर ने खुद को मिली ‘सरपंच’ की उपमा के बारे में मजाकिया लहजे में कहा,‘मुझे यह पसंद है। मुझे नहीं पता कि पंजाब किंग्स से जुड़ने के बाद इसकी शुरुआत कहां से हुई और इसके क्या मायने हैं। लेकिन बाद में साथी खिलाड़ियों ने बताया कि इसका मतलब परिवार, समूह या जिले का मुखिया होता है।’

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in