श्रेयस अय्यर ने VVS लक्ष्मण को धन्यवाद दिया

जिम्बाब्वे पर 3-0 की क्लीन स्वीप जीत के बाद कप्तान अय्यर ने अंतरिम कोच लक्ष्मण की प्रेरक भूमिका और मजबूत नेतृत्व की खुलकर सराहना की
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

हरारे : भारत के T-20 कप्तान श्रेयस अय्यर और अंतरिम मुख्य कोच VVS लक्ष्मण ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से मिली जीत में एक-दूसरे की भूमिका की सराहना की। भारत ने इस सीरीज में अपेक्षाकृत नयी टीम उतारी थी जिसमें संजू सैमसन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे कई खिलाड़ी शामिल नहीं थे। भारत ने रविवार को तीसरे और अंतिम T-20 मैच में 35 रन की जीत के साथ सीरीज में क्लीन स्वीप किया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो साझा किया है जिसमें लक्ष्मण ने अय्यर की मजबूत मानसिकता की सराहना की है।

लक्ष्मण ने इस महीने की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 की हार का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैं श्रेयस को विशेष रूप से बधाई देना चाहता हूं क्योंकि उनके कप्तानी करियर की शुरुआत थोड़ी मुश्किल रही, लेकिन जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह शानदार था। वह पहले मैच से एक दिन पहले जब हमसे जुड़े और तभी से जीत के लिए आश्वस्त थे।’ उन्होंने कहा, ‘इस टीम में कई नए खिलाड़ी शामिल थे। हम जानते हैं कि इंग्लैंड में खेलने वाले खिलाड़ियों में से केवल चार या पांच ही इस दौरे पर हमारे साथ शामिल थे। लेकिन वह आत्मविश्वास से भरे हुए थे। जिस तरह से कप्तान ने आप सभी को प्रेरित किया उसे देखते हुए इस जीत का बहुत सारा श्रेय कप्तान को जाता है।’

अय्यर ने लक्ष्मण का आभार व्यक्त किया जिन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर को विश्राम दिए जाने के बाद इस दौरे के लिए अंतरिम कोच नियुक्त किया गया था। अय्यर ने कहा, ‘इस सीरीज में कुछ कैच छोड़ने के अलावा हमारा प्रदर्शन बेदाग रहा। सहयोगी स्टाफ सहित टीम के हर सदस्य ने अपना योगदान दिया।’ उन्होंने कहा, ‘हमें प्रेरित करने और हमारा हौसला बढ़ाने के लिए VVS सर आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। हर दिन जब हम मैदान पर कदम रखते थे, तो मुझे लगता था कि आपने जो कुछ भी कहा वह बिल्कुल सही था और हम उससे जुड़ाव महसूस कर सकते थे। इसलिए आपका बहुत-बहुत आभार।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in