सात्विक-चिराग को अचानक मैच से हटना पड़ा

कंधे की चोट के कारण इंडोनेशिया ओपन के पहले दौर में रिटायर, अब रिहैबिलिटेशन और आगे के बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी पर फोकस
बैडमिंटन टूर्नामेंट
सात्विक और चिराग
Published on: 

जकार्ता : सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी बुधवार को यहां इंडोनेशिया ओपन के पहले दौर के मुकाबले के दौरान सात्विक के कंधे में लगी चोट के कारण मैच से हट गई। भारतीय जोड़ी जब केंग खाइ शिंग और आरोन टाइ की मलेशिया की जोड़ी के खिलाफ 6-11 से पीछे थी तब सात्विक को अपने दाएं कंधे की ओर इशारा करते देखा गया और इसके बाद इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले को रोक दिया गया।

भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) ने कहा, ‘सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी सात्विक को लगी चोट के कारण पोलीट्रोन इंडोनेशिया ओपन 2026 से हट गई है।’ बयान के अनुसार, ‘यह जोड़ी अब उबरने की प्रक्रिया और रिहैबिलिटेशन पर ध्यान लगाएगी क्योंकि वे आगे के महत्वपूर्ण टूर्नामेंट की तैयारी करेंगे। हम सात्विक के जल्द उबरने और कोर्ट पर उन्हें जल्द ही दोबारा देखने की कामना करते हैं।’

पिछले हफ्ते भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल में अपना पहला खिताब जीता था। विश्व बैडमिंटन में सबसे तेज स्मैश लगाने वाले खिलाड़ियों में से एक और अमलापुरम के रहने वाले 25 साल के सात्विक पहले भी दाएं कंधे की चोट से परेशान रहे हैं। यह जोड़ी सात्विक की चोट के कारण इस साल की शुरुआत में भी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप और स्विस ओपन से हट गई थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in