

ढाका : गत चैंपियन भारत ने सुहैल अहमद भट के दो गोल की मदद से गुरुवार को यहां ग्रुप मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 3-2 की जीत के साथ अपने सैफ चैंपियनशिप अभियान की शुरुआत की।
श्रीनगर के खिलाड़ी भट ने यहां नेशनल स्टेडियम में खेले गये ग्रुप B मैच में 13वें और 19वें मिनट में गोल किए जबकि मैंगलेंथांग किपगेन ने 31वें मिनट में गोल दागा जिससे पहले हाफ तक भारत 3-0 से आगे था।
पाकिस्तान ने इंजरी टाइम में दो गोल किये। नजीब उल्लाह ने 90+1वें और आलमगीर गाजी ने 90+4वें मिनट ने गोल किये। भारत ने अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में दूसरे दर्जे की टीम उतारी क्योंकि मुख्य टीम 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलने के लिए रवाना होने वाली है।
इस मैच के लिए मूसा के पास केवल 17 खिलाड़ी उपलब्ध थे क्योंकि इंडियन सुपर लीग (ISL) क्लब मौजूदा सत्र के बीच खिलाड़ियों को ‘रिलीज’ नहीं करना चाहते क्योंकि यह फीफा की अंतरराष्ट्रीय मैच विंडो (नौ से 17 नवंबर) के बाहर कराया जा रहा है।
ISL क्लबों से उम्मीद है कि वे 11 नवंबर को मालदीव के खिलाफ अगले मैच के लिए अपने खिलाड़ियों को रिलीज कर देंगे। इसके बाद टीम में 28 खिलाड़ी होने की उम्मीद है। पाकिस्तान भी डेनमार्क में जन्मे डिफेंडर अब्दुल्ला इकबाल के बिना खेल रहा था क्योंकि यह मैच फीफा विंडो के अंदर नहीं आता है। वह स्वीडन में म्याल्बी AIF के लिए खेलते हैं। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।