दीपिका और गोलकीपर सविता की वापसी

अर्जेंटीना दौरे पर जायेगी भारतीय महिला हॉकी टीम
दीपिका और गोलकीपर सविता की वापसी
Published on: 

नयी दिल्ली : सलीमा टेटे की अगुवाई में आगामी अर्जेंटीना दौरे पर जाने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के बुधवार को घोषित 24 सदस्यीय दल में ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका और अनुभवी गोलकीपर सविता की वापसी हुई है। डिफेंडर ज्योति और अग्रिम पंक्ति की खिलाड़ी मुमताज खान की भी वापसी हुई है, जिससे टीम के रक्षण और आक्रमण दोनों विभागों को मजबूती मिलेगी। भारतीय टीम 13 से 17 अप्रैल तक ब्यूनस आयर्स में अर्जेंटीना के खिलाफ चार मैच खेलेगी। यह दौरा इस साल होने वाले विश्व कप और एशियाई खेलों से पहले अहम तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा कि यह दौरा टीम संयोजन को परखने और खिलाड़ियों के विकल्प बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने ‘हॉकी इंडिया’ से जारी बयान में कहा, 'यह दौरा हमारे लिए अधिक खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने और अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उन्हें परखने का अच्छा अवसर है।' उन्होंने कहा, 'टीम के लिए वैकल्पिक खिलाड़ियों को तैयार करना हमारे लिए जरूरी है। इस तरह के अनुभव युवा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर की हॉकी की जरूरतों को समझने में मदद करते हैं। इसके साथ ही यह हमें विभिन्न संयोजनों को आजमाने का मौका भी देता है।'

टीम के लिए सबसे बड़ी मजबूती फिट होकर लौटीं फॉरवर्ड दीपिका की वापसी है, जो पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) के बाद फिर से टीम की मुख्य ड्रैग-फ्लिकर की भूमिका निभाने को तैयार हैं। उनकी अनुपस्थिति में नवनीत कौर, मनीषा चौहान, उदिता और अनु ने क्वालीफायर मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया था। दीपिका की वापसी से अब आक्रमण में अनुभव और गहराई दोनों बढ़ेंगे। गोलकीपर सविता की वापसी से अर्जेंटीनी आक्रमण के खिलाफ टीम की रक्षापंक्ति को मजबूती मिलेगी। सविता की अनुपस्थिति में विश्व कप क्वालीफायर में अच्छा प्रदर्शन करने वाली बिछू देवी खारिबाम ने भी टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है।

भारतीय टीम

गोलकीपर : सविता, बिछू देवी खारिबाम।

डिफेंडर : निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, मनीषा चौहान, ललथंतलुआंगी, ज्योति, उदिता।

मिडफील्डर : वैष्णवी विट्ठल फाल्के, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे, नेहा, दीपिका सोरेंग, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका।

फॉरवर्ड : बलजीत कौर, नवनीत कौर, दीपिका, अन्नू, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेम्सियामी, मुमताज खान।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in