

कोलकाता : मौजूदा सत्र में अपनी पहली जीत की तलाश कर रहे कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबले में मौसम की मार भी चुनौती बन सकती है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के बुलेटिन के अनुसार मैच के दौरान बारिश की काफी संभावना है। बारिश के कारण मुकाबला बाधित या रद्द होने या कम ओवरों में होने की आशंका है।
KKR का अगला घरेलू मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ गुरुवार को है और इस मैच पर भी बारिश का खतरा है। पिछले सत्र में भी पंजाब किंग्स के खिलाफ केकेआर का घरेलू मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। तब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने चार विकेट पर 201 रन बनाए थे। KKR का स्कोर जब बिना किसी नुकसान के सात रन था, तब बारिश ने खेल बाधित कर दिया और दोनों टीमों को अंक साझा करना पड़ा।
IMD के अनुसार, ‘रविवार सुबह से लगातार बादल छाए हुए हैं और राज्य में रविवार से गुरुवार तक बारिश और तूफान के दौर चल सकते हैं जिनमें ओले और बिजली गिरने की संभावना है। बारिश की तीव्रता और क्षेत्रीय प्रभाव मंगलवार और बुधवार को चरम पर पहुंचने की संभावना है।’ रविवार को बारिश के कारण दोनों टीमों को अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा। ईडन गार्डन का आउटफील्ड ढक दिया गया और मैदान में कई जगह पानी जमा हुआ दिखाई दिया। पांच-पांच ओवर के मैच के लिए कट ऑफ समय रात 10 बजकर 46 मिनट है।