

दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की नवीनतम टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में विकेटकीपर ऋषभ पंत और कप्तान शुभमन गिल शीर्ष 10 में शामिल भारतीय बल्लेबाज हैं। पंत (713 रेटिंग अंक) आठवें और गिल (697) दसवें नंबर पर हैं। ये दोनों नवीनतम सूची में एक पायदान नीचे खिसके हैं। एक अन्य भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 13वें स्थान पर हैं।
टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में पहले दो स्थान पर इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और जो रूट हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड, दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा और स्टीव स्मिथ का नंबर आता है। इस बीच अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ICC टेस्ट खिलाड़ियों की रैंकिंग की किसी भी श्रेणी में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी बन गये हैं।
रहमत ने शारजाह में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गये पहले टेस्ट मैच में 173 रन की शानदार पारी खेली थी जिससे वह टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गये जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
ICC टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क शीर्ष पर हैं। टेस्ट ऑलराउंडर की रैंकिंग में यानसन के बाद भारत के रविंद्र जडेजा दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। वाशिंगटन सुंदर शीर्ष 10 में शामिल अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं। वे सातवें स्थान पर हैं।