

लाहौर : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने शनिवार को कहा कि उसने T-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रहने के कारण टीम के किसी भी सदस्य पर जुर्माना नहीं लगाया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की टीम के सुपर आठ चरण से बाहर होने के बाद खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया, लेकिन PCB के प्रवक्ता आमिर मीर ने इसका खंडन किया। मीर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘किसी भी खिलाड़ी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है, लेकिन बोर्ड खिलाड़ियों के लिए एक फार्मूला तैयार करने के बारे में सोच रहा है क्योंकि अच्छा प्रदर्शन करने पर उन्हें अच्छी प्रोत्साहन राशि मिलती है।’
उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लगभग छह–सात करोड़ पाकिस्तानी रुपये मिलते हैं और इसलिए बोर्ड उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराने पर विचार कर रहा है। मीर ने कहा, ‘लेकिन अभी तक किसी भी तरह का अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और किसी भी खिलाड़ी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है।’ रिपोर्टों के अनुसार T-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रहने के बाद पाकिस्तान के प्रत्येक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पाकिस्तान के क्रिकेटरों को मैच और टूर फीस के अलावा केंद्रीय अनुबंध के लिए मासिक रिटेनर के तौर पर धनराशि मिलती है। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियां में मैच जीतने पर उन्हें बोनस भी मिलता है। खिलाड़ियों को बोर्ड के प्रायोजन समझौते की धनराशि से भी कुछ हिस्सा मिलता है। पिछले साल यह भी सहमति बनी थी कि ICC से PCB को मिलने वाले लगभग तीन करोड़ 40 लाख अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ष के वार्षिक राजस्व का तीन प्रतिशत हिस्सा खिलाड़ियों को मिलेगा।