अगला मिशन अफगानिस्तान सीरीज : तिलक

दलीप ट्रॉफी में मिली चुनौतियों के बावजूद तिलक वर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ T-20 सीरीज जीत को अगला बड़ा लक्ष्य बनाया, फॉर्म और आत्मविश्वास पर जताया भरोसा
अगला मिशन अफगानिस्तान सीरीज : तिलक
R Senthilkumar
Published on

चेन्नई : मौजूदा दलीप ट्रॉफी भले ही दक्षिण क्षेत्र के कप्तान तिलक वर्मा के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही हो लेकिन भारत के T-20 अंतरराष्ट्रीय उपकप्तान ने अब अपने लिए नया लक्ष्य तय कर लिया है जो तीन मैच की आगामी T-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अफगानिस्तान को हराना है। पूर्व क्षेत्र ने यहां घरेलू सत्र के शुरुआती टूर्नामेंट में लगभग जीत पक्की करते हुए कुल 584 रन की बढ़त हासिल कर ली है। हालांकि तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की।

दलीप ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन के खेल के बाद तिलक ने कहा, ‘हां, व्यक्तिगत तौर पर मेरी फॉर्म काफी अच्छी रही है। लेकिन साथ ही यह अलग प्रारूप (अफगानिस्तान के खिलाफ) है। इसलिए मुझे फिर से अपना खेल बदलना होगा। मैं इसे लेकर काफी आश्वस्त हूं।’ उन्होंने कहा, ‘अब मेरा लक्ष्य अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज जीतना है इसलिए मैं उसी आत्मविश्वास के साथ जाऊंगा और देखते हैं कि चीजें कैसी रहती हैं।’

भारत 13 सितंबर को नयी दिल्ली में पहले T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज का आगाज करेगा। एक महीने से अधिक समय तक लाल गेंद से क्रिकेट खेलने के बाद सफेद गेंद के प्रारूप में बदलाव कितना चुनौतीपूर्ण होगा इस पर तिलक ने कहा, ‘मैं यह नहीं कहूंगा कि यह इतना आसान है लेकिन हमारे पास अभ्यास के लिए कुछ दिन हैं।

हमने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दोनों में लाल गेंद से सफेद गेंद के प्रारूप में बदलाव किया है इसलिए यह भी वैसा ही है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं पहले भी रणजी ट्रॉफी खेल चुका हूं और उसके बाद अंतरराष्ट्रीय सफेद गेंद की सीरीज में गया। मैं उसके मुताबिक ढल गया था। इसलिए मुझे भरोसा है कि दो दिन का अभ्यास पर्याप्त होगा और उसके बाद हम अफगानिस्तान सीरीज के लिए उतर सकते हैं।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in