

अमेरिका : लक्ष्य सेन और तन्वी शर्मा मंगलवार से यहां शुरू होने वाले US ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। एकल में कई अन्य भारतीय खिलाड़ी भी अपना भाग्य आजमाएंगे जिनमें पुरुष वर्ग में किदाम्बी श्रीकांत भी शामिल हैं। सेन का सामना पहले दौर में बेल्जियम के जूलियन कैरागी से होगा। श्रीकांत पुरुष एकल में अपना पहला मैच चीनी ताइपे के लियाओ झूओ-फू के खिलाफ खेलेंगे। भारत के सानीथ दयानंद जापान के युदाई ओकिमोतो के खिलाफ शुरुआत करेंगे।
एस शंकर मुथुसामी सुब्रमणियन ने भी मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली है और उनका मुकाबला क्वालीफायर से होगा। महिला वर्ग में कुल सात भारतीय खिलाड़ी एकल में चुनौती पेश करेंगी। तन्वी जर्मनी की यवोन ली के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगी जबकि देविका का सामना पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो सालाजार से होगा। अनमोल खरब पहले दौर में बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से भिड़ेंगी।
रक्षिता श्री एस का सामना पहले दौर में क्वालीफायर से होगा। श्रीयांशी वलीशेट्टी अपना पहला मैच कनाडा की राहेल चान के खिलाफ खेलेंगी। तान्या हेमंत का सामना जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त रिको गुंजी से, जबकि आकर्षी कश्यप का मुकाबला चीनी ताइपे की तुंग सिउ-टोंग से होगा।
महिला युगल में भारत की तरफ से तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद ही चुनौती पेश करेंगी। उनका पहला मुकाबला स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज से होगा। पुरुष युगल के ड्रॉ में कोई भी भारतीय जोड़ी शामिल नहीं है। मिश्रित युगल में सातवीं वरीयता प्राप्त ध्रुव रावत और मनीषा के इंडोनेशिया के विरावन इहसान आदम और सेरेना कानी के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगे।