ईरानी कप : आकाशदीप की फिटनेस पर होगी नजर

आकाशदीप आखिरी बार फरवरी में रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में खेले थे और अब उन्हें सात महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद अपनी फिटनेस साबित करने के साथ-साथ गेंदबाजी की लय हासिल करने का मौका मिलेगा।
ईरानी कप : आकाशदीप की फिटनेस पर होगी नजर
Published on: 

श्रीनगर : कमर में खिंचाव के कारण सात महीने तक खेल से दूर रहने के बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज आकाशदीप शेष भारत और रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू कश्मीर के बीच गुरुवार से यहां शुरू होने वाले ईरानी कप मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। आकाशदीप आखिरी बार फरवरी में रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में खेले थे और अब उन्हें सात महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद अपनी फिटनेस साबित करने के साथ-साथ गेंदबाजी की लय हासिल करने का मौका मिलेगा।

इस मैच के दौरान कम से कम दो राष्ट्रीय चयनकर्ता उपस्थित रहेंगे और उनका ध्यान निश्चित तौर पर आकाश दीप के प्रदर्शन पर रहेगा जो जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ के साथ न्यूजीलैंड जाने वाली टेस्ट टीम में पांचवां तेज गेंदबाज बनने की दौड़ में हैं। खूबसूरत शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में होने वाले इस मैच में शेष भारत की अगुवाई ऋषभ पंत करेंगे जिसमें घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ी शामिल हैं।

जम्मू कश्मीर को हालांकि अपने मुख्य तेज गेंदबाज औकिब नबी की कमी खलेगी जो अभी राष्ट्रीय टीम के साथ हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने लंबे समय बाद श्रीनगर में कोई महत्वपूर्ण मैच का आयोजन किया है। इस मैच के लिए दर्शकों को मुफ्त प्रवेश की अनुमति दी गई है और ऐसे में रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू कश्मीर को भरपूर समर्थन मिलने की उम्मीद है।

टीम इस प्रकार हैं -

शेष भारत : ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), सनत सांगवान, आर स्मरण, आयुष दोसेजा, सरफराज खान (उपकप्तान), शिखर मोहन, सुदीप कुमार घरामी, सारांश जैन, अनुकूल रॉय, आकाश दीप, आर्यन पांडे, मानव सुथार, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी।

जम्मू-कश्मीर : पारस डोगरा (कप्तान), कामरान इकबाल, शुभम खजूरिया, यावेर हसन, शुभम पुंडीर, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, कवलप्रीत सिंह, सुनील कुमार, उमर नजीर, साहिल लोत्रा, वंशज शर्मा, नासिर लोन, रोहित शर्मा। मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in