Asian Games 2023: भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, गोल्ड पर किया कब्जा

Asian Games 2023: भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, गोल्ड पर किया कब्जा
Published on

होंगझोउ: एशियन गेम्स 2023 में भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। शुक्रवार(06 अक्टूबर) को चीन के होंगझोउ में खेले गए मैच में जापान को हरा दिया है। हॉकी के फाइनल मैच में भारत की टीम का मुकाबला जापान से हुआ। जिसमें भारतीय टीम ने जापान को 5-1 से हरा दिया है। इसी के साथ एशियन गेम्स के इतिहास में चौथी बार भारत की टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया है। बता दें कि इसके साथ ही पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए टीम इंडिया क्वालिफाई कर चुकी है।

शुरुआती प्वाइंट में हुई मशक्कत

भारत ने मुकाबला 5-1 से जरूर जीता लेकिन उसे खाता खोलने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। पहले क्वार्टर में कोई भी गोल नहीं हो सका, जबकि दूसरा क्वार्टर भी ऐसा ही जाता दिख रहा था। दूसरे क्वार्टर के अंत में पूर्व भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह ने गोल दागकर खाता खोला। फिर तो भारत के लिए गोल की बहार आ गई।

हरमनप्रीत,अमित, अभिषेक का शानदार प्रदर्शन

तीसरे क्वार्टर से भारत ने जल्दी-जल्दी गोल बरसाने शुरू कर दिये। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक तूफानी पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया। इसी क्वार्टर में एक और गोल पेनल्टी कॉर्नर पर आया और इस बार अमित रोहिदास ने सफलता दिलाई। चौथे क्वार्टर में भी ये सिलसिला जारी रहा और अभिषेक ने भारत की बढ़त को 4-0 करते हुए जीत को पक्का कर दिया था। जापान ने इस दौरान एक गोल दागकर अपना खाता खोला लेकिन ये काफी नहीं था। मैच खत्म होने से 2 मिनट पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने अपना दूसरा और मैच का पांचवां गोल दागते हुए भारत की जीत पर मुहर लगाई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in