क्रिकेट को वैश्विक बनाने के लिए भारत-जापान मैच अहम कदम : BCCI

भारत-जापान के ऐतिहासिक T-20 से क्रिकेट के वैश्वीकरण को नई रफ्तार, एशियाई खेलों से पहले नए बाजार और दर्शकों पर BCCI की नजर
bcci
प्रतिकात्मक तस्वीर
Published on: 

नयी दिल्ली : BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को कहा कि भारत और जापान के बीच इस महीने होने वाला एकमात्र T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नये दर्शकों को जोड़कर क्रिकेट को वैश्विक खेल बनाने की दिशा में अहम कदम होगा। जापान के आइची नागोया में 19 सितंबर से शुरू हो रहे एशियाई खेलों से पहले भारत और जापान पहली बार 22 सितंबर को जापान में ऐतिहासिक T-20 मैच खेलेंगे। मैच तोचिगी प्रांत के सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर खेला जायेगा।

सुजुकी कप के तहत होने वाला यह मैच भारत और जापान के राजनयिक रिश्तों की 75वीं सालगिरह पर आयोजित किया गया है। सैकिया ने कहा कि क्रिकेट को नये क्षेत्रों में ले जाने के ICC अध्यक्ष जय शाह के प्रयासों के तहत इस मैच का आयोजन किया गया है। सैकिया ने एक्स पर लिखा, ‘क्रिकेट का वैश्विक सफर उन पलों से आकार ले रहा है जो इस खेल को इसकी पारंपरिक सीमाओं से आगे ले जाते हैं।

22 सितंबर 2026 को होने वाला भारत-जापान T-20 मैच भी ऐसा ही एक पल है, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को जापान तक ले जा रहा है, नए दर्शकों से जोड़ रहा है और अपार संभावनाओं वाले इस क्षेत्र में खेल की मौजूदगी को मजबूत कर रहा है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘यह जय शाह के उस विजन और जमीनी काम को पहचानने का भी मौका है जो उन्होंने BCCI सचिव और अब ICC अध्यक्ष के तौर पर क्रिकेट के भविष्य में इसके वैश्विक विकास को सबसे अहम जगह देने के लिए किया है।’

भारत T-20 विश्व कप चैंपियन और नंबर एक टीम है जबकि जापान ICC T-20 रैंकिंग में 41वें स्थान पर है । भारत की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे जबकि उपकप्तान तिलक वर्मा, स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन भी टीम में हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in