

मुल्लांपुर : भारत ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट में तीसरे ही दिन सोमवार को एक पारी और 300 रन से हरा दिया और बायें हाथ के स्पिनर मानव सुतार का पदार्पण मैच में यादगार प्रदर्शन मेजबान के लिये इस मैच की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। पहली पारी में सुतार के छह विकेट के दम पर भारत ने अफगानिस्तान को 152 रन पर आउट कर दिया था। दूसरी पारी में अफगानिस्तान की टीम 35.5 ओवर में 112 रन पर सिमट गई। भारत की यह पारी के अंतर के आधार पर सबसे बड़ी जीत रही। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने चार और कुलदीप यादव ने तीन विकेट चटकाये।
भारत ने 2018 में अफगानिस्तान को एक पारी और 260 रन से हराया था लेकिन मेहमान टीम के लिये राहत की बात यह है कि वे इस मैच को तीसरे दिन तक खींचकर ले गए। मैच के नायक राजस्थान के श्रीगंगानगर के बायें हाथ के स्पिनर सुतार रहे। पदार्पण में एक पारी के पांच विकेट चटकाने वाले वह भारत के दसवें गेंदबाज बन गए। उन्होंने अपने प्रदर्शन से भविष्य में रवींद्र जडेजा के विकल्प के तौर पर खुद को खड़ा कर दिया। भारत के पास टर्निंग पिचों पर विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं लेकिन 23 वर्ष के सुतार ने दिखा दिया कि वह सपाट पिचों पर भी विकेट ले सकते हैं।
रविचंद्रन अश्चिन के संन्यास और जडेजा के कैरियर के आखिरी दौर के बीच सुतार के लिये यह सर्वश्रेष्ठ समय भी है। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारतीय स्पिनरों ने उनके गैर जिम्मेदाराना शॉट चयन का पूरा फायदा उठाया। पहली पारी की गलतियों से भी अफगान बल्लेबाजों ने सबक नहीं सीखा और दूसरी पारी में प्रदर्शन और खराब रहा। बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल (42) चाय से पहले आखिरी गेंद पर आउट हुए।
इस साल दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े अटल ने वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट में मोहम्मद सिराज को आसान कैच दिया। रहमानुल्लाह गुरबाज (24) ने कुलदीप की गेंद पर हवाई शॉट खेला और लांग आन सीमा पर सिराज ने उनका कैच लपक लिया । पहली पारी में अर्द्धशतक लगाने वाले रहमत शाह (13) ने सुंदर की गेंद पर सुतार को कैच थमाया। सुतार ने सुबह जब पारी में पांच विकेट पूरे किये तो यह कारनामा देखने के लिये मैदान पर बमुश्किल 500 दर्शक थे। अपने पहले टेस्ट में पारी के पांच विकेट लेने वाले वह सातवें स्पिनर बने।