इमाम की चोट संदिग्ध, होगी जांच : आकिब जावेद

इमाम-उल-हक की पिंडली की चोट पर PCB को शक, लॉर्ड्स टेस्ट में बल्लेबाजी से दूर रहने के फैसले की होगी गहन जांच, अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत
इमाम की चोट संदिग्ध, होगी जांच : आकिब जावेद
Published on

इस्लामाबाद : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की चयन समिति के सदस्य आकिब जावेद ने सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक की पिंडली की चोट की गंभीरता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आकिब जावेद ने साफ किया है कि लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान बल्लेबाजी के लिए मैदान पर न उतरने के इमाम के फैसले की पूरी जांच की जाएगी। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को मिली 194 रनों की करारी शिकस्त के दौरान इमाम दोनों पारियों में से किसी में भी क्रीज पर नहीं आए, जिसे बोर्ड ने बेहद गंभीरता से लिया है।

आकिब जावेद का कड़ा रुख

एक साक्षात्कार के दौरान राष्ट्रीय चयन समिति के सदस्य और पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने इमाम के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी। केवल मांसपेशियों में खिंचाव (हैमस्ट्रिंग या काफ इंजरी) आने की वजह से कोई खिलाड़ी दोनों पारियों में बल्लेबाजी करने ही न उतरे, ऐसा कैसे हो सकता है? जावेद ने खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते समय इस तरह के बहाने स्वीकार नहीं किए जा सकते।

अतीत के उदाहरणों का दिया हवाला

जावेद ने आधुनिक क्रिकेट में खिलाड़ियों के जज्बे की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अतीत के महान खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा, क्रिकेट में चोट लगना बेहद आम बात है। हमने इतिहास में ऐसे कई उदाहरण देखे हैं जहां देश के लिए खिलाड़ी पैर में प्लास्टर बंधा होने या गंभीर रूप से चोटिल होने के बावजूद मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इमाम का यह मामला पूरी तरह अलग और संदिग्ध है। चयन समिति इसे एक बेहद गंभीर और चिंताजनक विषय मान रही है, और जांच रिपोर्ट के आधार पर इस संबंध में कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पाकिस्तान क्रिकेट में मची बड़ी उथल-पुथल

इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दोनों टेस्ट मैचों में करारी हार झेलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया है। PCB ने इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद कड़ा एक्शन लेते हुए इमाम-उल-हक समेत कुल सात सीनियर खिलाड़ियों को तुरंत प्रभाव से टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया है और उन्हें स्वदेश वापस बुला लिया गया है। इतना ही नहीं, इस हार का गाज पाकिस्तान के कोचिंग स्टाफ पर भी गिरी है। PCB ने मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से बर्खास्त कर दिया है। बोर्ड अब टीम की संस्कृति और खिलाड़ियों की फिटनेस व प्रतिबद्धता को लेकर कोई भी समझौता करने के मूड में नहीं दिख रहा है। आकिब जावेद का यह बयान इस बात का साफ संकेत है कि आने वाले दिनों में इमाम-उल-हक के अंतरराष्ट्रीय करियर पर संकट के बादल मंडरा सकते हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in