

मुंबई : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय पुरुष और महिला टीमों द्वारा जीती गई एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन BCCI मुख्यालय पहुंचेंगी, हालांकि इसके लिए कोई समयसीमा नहीं बताई जा सकती। एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम और हाल में महिला टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नकवी पाकिस्तान सरकार में गृहमंत्री भी हैं।
भारतीय पुरुष टीम ने पिछले साल दुबई में पाकिस्तान को फाइनल में हराकर एशिया कप T-20 का खिताब जीता था, जबकि महिला टीम ने इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। सैकिया ने BCCI की 95वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) के बाद संवाददाताओं से कहा, 'एशिया कप की ट्रॉफियां हमें उम्मीद है कि एक दिन यहां आ जाएंगी। मैं कोई समयसीमा नहीं बताऊंगा लेकिन मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां वानखेड़े स्टेडियम स्थित BCCI कार्यालय में जरूर पहुंचेंगी।'
सैकिया ने यह भी कहा कि बोर्ड को भरोसा है कि भारतीय महिला टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतेगी। भारतीय टीम ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में जापान को हराया। उन्होंने कहा, 'हमने पिछले सप्ताह दुबई में शानदार जीत दर्ज करने वाली अपनी महिला टीम को बधाई दी। उन्होंने जापान के खिलाफ पहला मुकाबला भी शानदार तरीके से जीता है और हमें उम्मीद है कि वे इस महीने की 22 तारीख को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतेंगी।'