

न्यूयॉर्क : US ओपन टेनिस टूर्नामेंट में बुधवार को तब अजीब नजारा देखने को मिला जब दूसरे दौर के मैच के दौरान नेट पर बैठी एक चिड़िया के उड़ जाने पर चेयर अंपायर ने खेल बीच में रोक दिया, जिसे दानिल मेदवेदेव ने हास्यास्पद फैसला बताया। मेदवेदेव ने उस फैसले का विरोध किया, जब अंपायर ने एक प्वाइंट को दोबारा खेलने का आदेश दिया क्योंकि लंबी चली रैली के दौरान दो पक्षी नेट के ऊपर बैठे थे।
दूसरे सेट में सेबेस्टियन गोरजनी की सर्विस के दौरान मेदवेदेव 4-1 से आगे थे। लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में एक प्वाइंट के दौरान नेट के ऊपर दो छोटी चिड़िया बैठ गई लेकिन खेल जारी रखा गया। दोनों खिलाड़ियों ने कई शॉट खेले लेकिन तभी मेदवेदेव ने एक फोरहैंड शॉट मारा और तभी एक चिड़िया उड़ गई।
अंपायर टिमो यानजेन ने तुरंत खेल रोकने का इशारा किया। तब मेदवेदेव प्वाइ्ंट जीत चुके थे। मेदवेदेव ने कहा, ‘मैंने अपने जीवन में इससे अधिक हास्यास्पद फैसला नहीं देखा। यह बहुत बुरा है। जब पक्षी नेट पर बैठे तो मुझे लगा कि अंपायर खेल रोक देंगे लेकिन उन्होंने खेल जारी रखा। मैंने सोचा चलो खेलते हैं लेकिन जैसे ही मैंने विजयी शॉट मारा, वह चिल्लाए, ‘रुको। रुको। रुको’।’