स्वर्ण पदक विजेता रणधीर सिंह का निधन

कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्होंने यहां अपने आवास पर अंतिम सांस ली। स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के कारण सिंह ने हाल में एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
स्वर्ण पदक विजेता रणधीर सिंह का निधन
Published on: 

नयी दिल्ली : अनुभवी खेल प्रशासक और एशियाई खेलों में निशानेबाजी में भारत के पहले स्वर्ण पदक विजेता रणधीर सिंह का बुधवार को यहां उम्र संबंधित बीमारियों से जूझने के बाद निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्होंने यहां अपने आवास पर अंतिम सांस ली। स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के कारण सिंह ने हाल में एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें 2024 में चार साल के कार्यकाल के लिए चुना गया था।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के सचिव राजीव भाटिया ने कहा, ‘गहरे दु:ख के साथ हम राजा रणधीर सिंह के निधन की दु:खद खबर साझा कर रहे हैं जो आज 27 मई 2026 को स्वर्ग सिधार गए।’ उन्होंने कहा, ‘एक विशिष्ट ओलंपियन, अर्जुन पुरस्कार विजेता और भारत, एशिया और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति में सबसे सम्मानित खेल प्रशासकों में से एक राजा रणधीर सिंह ने निशानेबाजी खेल और ओलंपिक आंदोलन के विकास में अमूल्य योगदान दिया।’

भाटिया ने कहा, ‘NRAI और पूरा निशानेबाजी समुदाय इस अपूरणीय क्षति पर शोक व्यक्त करता है और उनके परिवार तथा प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’ सिंह के शानदार खेल करियर में पांच ओलंपिक में भागीदारी और 1978 के बैंकॉक एशियाई खेलों में ऐतिहासिक ट्रैप स्वर्ण पदक शामिल था। खेलों की तरह ही अपने सफल प्रशासनिक करियर में उन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के महासचिव और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के सदस्य के रूप में कार्य किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in