गंभीर का करारा जवाब: सोशल मीडिया नहीं, टीम को देता हूं जवाब

भारत की ऐतिहासिक टी20 विश्व कप जीत के बाद कोच गौतम गंभीर ने आलोचकों को दिया जवाब, ट्रॉफी द्रविड़ और लक्ष्मण को समर्पित
गंभीर का करारा जवाब: सोशल मीडिया नहीं, टीम को देता हूं जवाब
Published on: 

टी20 विश्व कप 2026 की जीत भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए किसी बड़े जवाब से कम नहीं रही। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज हार के बाद गंभीर को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। लेकिन भारत की इस शानदार जीत के बाद आलोचकों को करारा जवाब मिल गया।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और न्यूजीलैंड को 159 रन पर समेट दिया। इसके साथ ही भारत तीन टी20 विश्व कप (2007, 2024, 2026) जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारत ने न केवल अपना खिताब बचाया बल्कि घरेलू मैदान पर भी ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड बनाया।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा कि उनकी जवाबदेही सोशल मीडिया के लोगों के प्रति नहीं है। उन्होंने कहा, “मेरी जिम्मेदारी सोशल मीडिया के लिए नहीं है। मेरी जिम्मेदारी ड्रेसिंग रूम में मौजूद उन 30 लोगों के प्रति है। कोच उतना ही अच्छा होता है जितनी उसकी टीम होती है।”

गंभीर ने इस जीत का श्रेय खिलाड़ियों को दिया और ट्रॉफी को पूर्व कोच राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि द्रविड़ ने टीम को मजबूत आधार दिया, जबकि लक्ष्मण ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार की।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की भी गंभीर ने जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार के साथ काम करना आसान रहा और टीम का लक्ष्य हमेशा ट्रॉफी जीतना रहा, व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाना नहीं।

फाइनल में भारत की जीत में संजू सैमसन के 89 रन, अभिषेक शर्मा के 52 और ईशान किशन के 54 रनों की अहम भूमिका रही। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह तोड़ दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in