बुमराह की वापसी को लेकर पूर्व कोच की चेतावनी

बुमराह की वापसी को लेकर पूर्व कोच की चेतावनी
Published on: 

नयी दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने चयनकर्ताओं को स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। शास्त्री ने चोट से उबर रहे बुमराह की वापसी में जल्दबाजी नहीं करने की सलाह दी है। शास्त्री के अनुसार बुमराह की वापसी में जल्दीबाजी विश्व कप में भारतीय टीम को महंगी पड़ सकती है, क्योंकि जल्दीबाजी करने पर वह फिर से चोटिल हो सकते हैं।

बुमराह ने सितंबर 2022 के बाद से एक भी मैच नहीं खेला है और हालांकि उनकी वापसी की कुछ उम्मीद थी, लेकिन वह टी-20 विश्व कप, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से चूक गए। शास्त्री ने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा कि इस साल के अंत में वनडे विश्व कप के लिए उनकी वापसी में जल्दबाजी करना टीम और तेज गेंदबाज के लिए बुरी खबर हो सकती है।

दरअसल भारत के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। पिछले साल सितंबर के बाद से ही चोट के चलते उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। उन्होंने पिछले साल सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज से मैदान पर वापसी करने की कोशिश की थी  लेकिन उन्होंने 2 मैच खेले, मगर फिर चोट और गंभीर होने के चलते वो बाहर हो गए।

अब ऐसी खबर आ रही है कि बुमराह सालभर बाद मैदान पर वापसी करने वाले हैं। वो अगस्त में आयरलैंड के खिलाफ वापसी कर सकते हैं लेकिन उनकी वापसी की खबरों के बीच पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने चयनकर्ताओं को कड़ी चेतावनी दे दी है। खैर बुमराह की वापसी होगी या नहीं यह तो आने वाले समय में ही पता चलेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in