FIFA World Cup : असली रंग में नहीं दिखी ब्राजील

मोरक्को के खिलाफ शुरुआती झटके के बाद भी विनीसियस जूनियर के गोल से ब्राजील ने बचाई लाज, दबाव और असंतुलित खेल ने उजागर की कमजोरियां
 FIFA World Cup : असली रंग में नहीं दिखी ब्राजील
Published on

ईस्ट रदरफोर्ड : रिकॉर्ड पांच बार की चैंपियन ब्राजील की टीम फुटबॉल विश्व कप के अपने पहले मैच में असली रंग में नहीं दिखी और मोरक्को के खिलाफ ग्रुप सी के मैच में शुरू में पिछड़ गई लेकिन विनीसियस जूनियर के गोल की बदौलत 1-1 से ड्रॉ हासिल करने में सफल रही। ब्राजील 2002 से खिताब नहीं जीत पाया है और उस पर इसका दबाव स्पष्ट नजर आ रहा था। दूसरी तरफ मोरक्को की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। चार साल पहले सेमीफाइनल में पहुंचने वाली मोरक्को की टीम ने पहले 30 मिनट में ब्राजील के गोल पर 12 शॉट लगाए। उसने इस बीच इस्माइल सैबारी के 21वें मिनट में किए गए गोल से बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से एक शानदार चिप शॉट से यह गोल किया।

विनीसियस जूनियर ने 32वें मिनट में बराबरी का गोल किया। विनीसियस बाएं छोर से ब्रूनो गुइमारेस के साथ पास का आदान-प्रदान करके आगे बढ़े। उन्होंने नील एल ऐनाउई को चकमा दिया और गोलकीपर यासीन बोनू को छकाते हुए दाहिने पैर से शॉट मारकर अपना 10वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया। विनीसियस और ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं दिखे। विनीसियस ने कहा, ‘हमारी शुरुआत बहुत खराब रही। हमें निश्चित रूप से गेंद पर नियंत्रण रखना होगा। हमें आगे बेहतर खेल दिखाना होगा।’ एंसेलोटी ने कहा, ‘हमारी टीम शुरू में बैचेन लग रही थी। वह तनाव में दिख रही थी। वह काफी असंतुलित नजर आ रही थी।’ मोरक्को के कोच मोहम्मद ओउबी ने हालांकि अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश थे।

उन्होंने कहा, ‘हम ड्रॉ से संतुष्ट हैं। हम बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं हैं।’ मेटलाइफ स्टेडियम में मौजूद 80,663 दर्शकों में ब्राजील के चमकीले पीले रंग की जर्सी पहने प्रशंसकों का दबदबा था। उसके समर्थकों को पेले के युग के प्रवाहमय, मनोरंजक खेल की उम्मीद थी लेकिन विनीसियस के बराबरी का गोल करने से पहले तक मोरक्को ने उन्हें तनाव में रखा था। ब्राजील भले ही जीत नहीं पाया लेकिन उसने स्पेन से 1934 में मिली हार के बाद से विश्व कप के शुरुआती मैच में अपने अजेय अभियान को 21 मैचों तक बढ़ा दिया है, जिसमें 17 जीत शामिल हैं।

छठे नंबर पर काबिज ब्राजील और सातवें नंबर की टीम मोरक्को ही शीर्ष 10 में शामिल ऐसी टीम हैं जो 48 देशों के इस विश्व कप के पहले दौर में आमने-सामने थी। एंसेलोटी ने कहा, ‘हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। विश्व कप का खिताब पहले मैच के आधार पर नहीं जीता जाता।’ ब्राजील शुक्रवार को फिलाडेल्फिया में हैती से और फिर ग्रुप सी का अपना आखिरी मैच फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेगा। मोरक्को शुक्रवार को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो में स्कॉटलैंड से भिड़ेगा और फिर अटलांटा में हैती से मुकाबला करेगा। दाहिनी पिंडली में लगी चोट से उबर रहे ब्राजील के स्टार नेमार इस मैच में नहीं खेले।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in